सोसायटी में छिपकर रह रहा था नाइजीरियन, किसी ने बाहर नहीं देखा, अब संदिग्ध हालात में मौत, पढ़ें पूरी कहानी

राजनगर एक्सटेंशन स्थित एसजी इंप्रेशंस-58 सोसायटी में छिपकर अवैध रूप से रह रहे एक 30 वर्षीय नाइजीरियन युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नाइजीरियन को फ्लैट में अलीगढ़ निवासी परिवार ने पनाह दे रखी थी। नाइजीरियन फ्लैट से बाहर नहीं निकलता था।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 12:54 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 12:54 PM (IST)
सोसायटी में छिपकर रह रहा था नाइजीरियन, किसी ने बाहर नहीं देखा, अब संदिग्ध हालात में मौत, पढ़ें पूरी कहानी
अलीगढ़ निवासी परिवार ने दे रखी थी पनाह, पुलिस के मांगने पर वीजा नहीं दिखा पाया नाइजीरियन।

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। राजनगर एक्सटेंशन स्थित एसजी इंप्रेशंस-58 सोसायटी में छिपकर अवैध रूप से रह रहे एक 30 वर्षीय नाइजीरियन युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। नाइजीरियन को फ्लैट में अलीगढ़ निवासी परिवार ने पनाह दे रखी थी। नाइजीरियन फ्लैट से बाहर नहीं निकलता था। पुलिस ने नाइजीरियन को पनाह देने वाले व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज जांच उसे गिरफ्तार कर लिया है।

हेमेंद्र लाल का ए टावर में फ्लैट है। उन्होंने इस फ्लैट को अलीगढ़ निवासी राहुल उर्फ ओमवीर सिंह को किराये पर दे रखा है। राहुल अपनी पत्नी के साथ यहां रहता था। राहुल ने अपने फ्लैट में नाइजीरिया के मिशेल इमेनके माडुवेके नामक शख्स को रखा हुआ था। बीमारी के कारण उसका वजन बहुत कम हो गया था।

तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उसने ग्रेटर नोएडा में रह रहे नाइजीरियन सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केनेडी को जानकारी दी। केनेडी अपने चार नाइजीरियन साथियों के साथ शनिवार को सोसायटी में पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से मिशेल को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका ऑक्सीजन स्तर 79 पहुंच गया था।

कैनेडी ने डाक्टरों को बताया कि मिशेल के परिवार के कुछ लोग महरौली में रहते हैं। उसने उसी के आसपास के अस्पताल में रेफर करने के लिए कहा। यहां से उसे गंभीर हालत दिल्ली भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले उसे कार्डियक अरेस्ट आया। उसे उस निजी अस्पताल से एम्स लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। केनेडी के अनुसार मिशेल कुपोषण का शिकार हो गया था। वह ऑटो पा‌र्ट्स का डीलर था। कैनेडी ने उसका वीडियो बयान दर्ज कर लिया है।

फ्लैट मालिक ने कराया केस दर्ज नंदग्राम एसएचओ नीरज कुमार ¨सह ने बताया कि राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने नाइजीरियन को रखने के बारे में किसी को नहीं बताया। जब पुलिस ने मौत होने से पहले नाइजीरियन से वीजा दिखाने को कहा तो वह वीजा नहीं दिखा पाया। बताया जा रहा है कि वीजा की अवधि खत्म होने के बाद उसे नहीं बढ़ाया गया तो वह छिप कर फ्लैट में रहने लगा। मकान मालिक को भी इसकी जानकारी नहीं थी। मकान मालिक हेमेंद्र लाल ने आरोपित राहुल के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर लिया है।

ड्रग्स कारोबार की जांच शुरू

पुलिस ने बताया कि सोसायटी निवासियों का आरोप है कि नाइजीरियन यहां पर ड्रग्स का कारोबार करता था। पुलिस ड्रग्स के मामले में भी राहुल से पूछताछ कर रही है। अभी उसके पासपोर्ट, वीजा व यहां क्या काम करता था, इसकी की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह फ्लैट से बाहर नहीं निकलता था।

एओए पदाधिकारी का बयान

किरायेदार ने नाइजीरियन को अपने पास रखा हुआ था। इसकी पूरी जिम्मेदारी मकान मालिक और किरायेदार की है। यह बहुत गलत हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। सुनील त्यागी, अध्यक्ष एओए, एसजी इंप्रेशंस-58

जब पुलिस उसे लेने आई तो नाइजीरियन युवक बहुत कमजोर दिख रहा था। उसे हमने कभी बाहर टहलते हुए नहीं देखा। झरिया, सुरक्षा गार्ड

एसएचओ का बयान

किरायेदार राहुल उर्फ ओमबीर सिंह ने नाइजीरियन को अवैध रूप से रखा हुआ था। फ्लैट मालिक ने राहुल के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।

नीरज कुमार सिंह, एसएचओ, नंदग्राम

chat bot
आपका साथी