गाजियाबाद में सीडीओ की अनूठी पहल, सरकारी स्कूलों में बोर्ड गेम से बच्चों का बढ़ेगा ज्ञान; यौन उत्पीड़न से होंगे सावधान

मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि बच्चों को यौन हिंसा से बचाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इनमें ही अब खेल के जरिये बच्चों को अब यौन उत्पीडऩ से बचाव के लिए बने कानून की जानकारी दी जाएगी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 05:57 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 05:57 PM (IST)
गाजियाबाद में सीडीओ की अनूठी पहल, सरकारी स्कूलों में बोर्ड गेम से बच्चों का बढ़ेगा ज्ञान; यौन उत्पीड़न से होंगे सावधान
गाजियाबाद की मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल। जागरण

गाजियाबाद [अभिषेक सिंह]। खेल-खेल में बच्चे बहुत सहजता से सीखते हैं। सांप-सीढ़ी और लूडो जैसे खेलों में मजा आ जाता है, चाहे बोर्ड पर खेलो या मोबाइल पर। आज के जमाने के वीडियो गेम के बीच भी इन खेलों की जगह कम नहीं है। इस खेल की विशेषता और प्रसिद्धि ही तो है कि इसे बच्चों को शिक्षित करने के लिए भी इस्तेमाल किया जा रहा है। बच्चों को यौन उपीड़न के खिलाफ शिक्षित करना जितना जरूरी है, उतना ही चुनौतीपूर्ण है उन्हें यह बातें समझाने का तरीका।

गाजियाबाद में मुख्य विकास अधिकारी ने इसी तरह का बोर्ड गेम पांचवीं कक्षा तक के बच्चों के लिए तैयार किया है। जिसके माध्यम से अब सभी सरकारी स्कूलों में खेल के साथ पढ़ाई होगी।

इस बोर्ड गेम के साथ लाल, हरे और पीले रंग के तीन प्लेइंग कार्ड रहेंगे। लाल कार्ड में यौन उत्पीडऩ से बचाव के लिए बने कानून से जुड़े सवाल और जवाब होंगे। पीले कार्ड में सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल और जवाब होंगे, हर कार्ड को चाल चलने के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।

ऐसे दिया जाएगा खेल-खेल में ज्ञान

बोर्ड गेम लूडो की तरह होगा जिसमें बच्चे बारी-बारी से चाल चलेंगे। चाल के तहत बच्चों को प्लेइंग कार्ड मिलेगा। प्लेइंग कार्ड के सवाल का सही जवाब देने पर उनको दूसरी चाल चलने दी जाएगी, जवाब गलत हुआ तो दूसरे खिलाड़ी को चाल चलने का मौका दिया जाएगा। ऐसे में खेल-खेल के दौरान ही बच्चे सामान्य ज्ञान और यौन उत्पीडऩ से बचाव की जानकारी हासिल कर सकेंगे। यह खेल शिक्षक की मौजूदगी में ही खेला जाएगा ताकि बच्चों के मन में कोई सवाल आए तो उसके बारे में विस्तार से उनको बताया जा सके।

ऐसे आया विचार

जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र ने बताया कि अन्याय रहित जिंदगी संस्था गोवा में बच्चों को जागरूक करने के लिए इस बोर्ड गेम का सहारा लेती है। मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल के साथ इसे साझा किया तो उन्होंने जिले के स्कूलों में इस गेम को लागू करने की योजना बनाई। उनके निर्देश पर इस बोर्ड गेम के 500 पीस तैयार कराए जा रहे हैं। जिसे जानो, खेलो ओर जीतो नाम दिया गया है। इसी माह के अंत तक पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की जागरूकता के लिए सरकारी स्कूलों में यह खेल खेला जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने बताया कि बच्चों को यौन हिंसा से बचाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इनमें ही अब खेल के जरिये बच्चों को अब यौन उत्पीडऩ से बचाव के लिए बने कानून की जानकारी दी जाएगी। उनको बताया जाएगा कि अगर कोई व्यक्ति उनको गलत तरीके से छू रहा है तो इसकी जानकारी छिपाएं नहीं बल्कि साझा करें, जिससे कि गलत करने वालों पर कार्रवाई हो सके। उम्मीद है कि इस खेल से बच्चों के साथ हो रही यौन हिंसा के मामलों में कमी आएगी।

chat bot
आपका साथी