जागरण एक्सक्लूसिव: पढ़िए ट्रेनों में किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करने वाली महिलाओं के गैंग की कहानी, किन्नर बनने की ली थी ट्रेनिंग

आरपीएफ ने एक्टिंग सिखाने वाली किन्नर और दस महिलाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने किन्नर व सभी महिलाओं पर 1600-1600 रुपये का जुर्माना लगाया है। कोरोना कर्फ्यू के बाद ट्रेनों की संख्या में इजाफा हो गया है। एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या भी बढ़ गई है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Wed, 14 Jul 2021 02:28 PM (IST) Updated:Wed, 14 Jul 2021 02:28 PM (IST)
जागरण एक्सक्लूसिव: पढ़िए ट्रेनों में किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करने वाली महिलाओं के गैंग की कहानी, किन्नर बनने की ली थी ट्रेनिंग
किन्नर की वेषभूषा बदलकर यात्रियों से कर रही थीं अवैध वसूली, जीआरपी ने सभी महिलाओं व किन्नर को किया गिरफ्तार।

गाजियाबाद, हसीन शाह। दिल्ली और गाजियाबाद की दस महिलाओं ने यात्रियों से अवैध वसूली करने के लिए दस दिन तक एक किन्नर से किन्नर की एक्टिंग सीखी। पहले ये महिलाएं भीख मांगती थीं। भीख मांगते वक्त महिलाओं को अपमान महसूस होता था। दूसरी ओर किन्नरों की दबंगई देखती थीं। पैसा मांगती नहीं देने पर वे यात्रियों को थप्पड़ जड़ देती थीं। इससे प्रभावित होकर वे किन्नर बन कर वसूली करने लगीं।

आरपीएफ ने एक्टिंग सिखाने वाली किन्नर और दस महिलाओं को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने किन्नर व सभी महिलाओं पर 1600-1600 रुपये का जुर्माना लगाया है। कोरोना कर्फ्यू के बाद ट्रेनों की संख्या में इजाफा हो गया है। सभी लोकल ट्रेनों का संचालन हो रहा है। एक्सप्रेस ट्रेनों की संख्या भी बढ़ गई है। स्टेशन पर कामगारों की भीड़ नजर आने लगी है। यात्रियों से ट्रेन फुल चल रही हैं। ऐसे में यात्रियों से वसूली करने वाले लोग सक्रिय हो गए हैं। कुछ दिन से आरपीएफ को किन्नरों द्वारा जबरन अवैध वसूली करने की शिकायतें मिल रही थीं।

सोमवार को आरपीएफ की टीम ने पांच ट्रेनों में चेकिंग की। आरपीएफ ने पांच अलग-अलग ट्रेनों से दस महिला व एक किन्नर को गिरफ्तार किया। ये सभी महिलाएं किन्नर की वेशभूषा में थी। ताली बजाकर यात्रियों से अवैध वसूली कर रही थीं।

लंबी दूरी वाली ट्रेन के यात्री निशाने पर रहते थे

महिलाएं लंबी दूरी तय करने वाली ट्रेनों में सोते हुए यात्रियों को जगाकर उनसे जबरन पैसे लेती थीं। विरोध करने पर यात्रियों के साथ बदसलूकी करती थीं। महिलाओं ने जिन यात्रियों से अवैध वसूली की, आरपीएफ ने ऐसे कई यात्रियों बयान दर्ज किए। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गाजियाबाद निवासी, लीला, जीतो, पूजा, माला, नेहा, रवीना, चांदनी, दिल्ली निवासी राखी नरगिस और किन्नर ज्योति के रूप में हुई है।

एक्टिंग सिखाने पर किन्नर लेता था वसूली से हिस्सा

पूजा पहले ट्रेन में भीख मांगती थी। भीख मांगकर वह दिन में 600 से 800 रुपये ही कमा पाती थी। भीख मांगने के लिए यात्रियों के सामने गिड़गिड़ाना पड़ता है। डेढ़ माह पहले पूजा ने किन्नर ज्योति को दबंगई के साथ यात्रियों से वसूली करते हुए देखा। इसके बाद पूजा ने भी किन्नर बनकर वसूली करने का निर्णय लिया। इसके लिए उसने ज्योति से किन्नर बनने की ए¨क्टग करनी सीख ली। इस प्रकार पूजा ने अपने संपर्क की अन्य महिलाओं को भी किन्नर बनकर यात्रियों से वसूली करने की सलाह दी। किन्नर एक्टिंग सिखाने के बदले में महिलाओं को वसूली की रकम में से कुछ हिस्सा लेती थी।

आरपीएफ अधिकारी का बयान

आरपीएफ ने किन्नर बनकर जबरन वसूली कर रही दस महिला व एक किन्नर को गिरफ्तार किया है। महिलाएं ट्रेनों में यात्रियों से अवैध वसूली करती थीं। सभी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।

पीकेजीए नायडू, थाना प्रभारी, आरपीएफ

chat bot
आपका साथी