Ghaziabad News: धरने पर बैठे भाई कमल का बटन ही दबाएंगे, अंगुली इधर-उधर नहीं होगी: कैप्टन अभिमन्यु

गाजियाबाद प्रवास पर आए हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु सिंह ने शनिवार को यह दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में फिर से हमें प्रचंड बहुमत मिलेगा। कैप्टन ने कहा कि भाजपा के दो कार्यकर्ता 200 के बराबर हैं।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sat, 09 Oct 2021 07:00 PM (IST) Updated:Sat, 09 Oct 2021 07:00 PM (IST)
Ghaziabad News: धरने पर बैठे भाई कमल का बटन ही दबाएंगे, अंगुली इधर-उधर नहीं होगी: कैप्टन अभिमन्यु
गाजियाबाद प्रवास पर आए हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु सिंह।

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। लोकतंत्र में अपना मत रखने का अधिकार सभी को है। कृषि कानून के विरोध में धरने पर बैठे लोग हमारे भाई हैं, परिवार के हैं। चुनाव राष्ट्रहित से जुड़ा होता है। देश हित में किसान के बेटे आगे रहते हैं। अपनी सरकार चुनने को वोट डालते समय उनकी अंगुली जरा भी इधर-उधर विचलित नहीं होगी। वह ठीक कमल के बटन पर पड़ने वाली है। गाजियाबाद प्रवास पर आए हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के चुनाव सह प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु सिंह ने शनिवार को यह दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में फिर से हमें प्रचंड बहुमत मिलेगा।

जनता समग्र रूप से सोचती है: कैप्टन ने कहा कि भाजपा के दो कार्यकर्ता 200 के बराबर हैं। दो थे तो सरकार बनाने का संकल्प लिया था। अब तो उत्तर प्रदेश में भाजपा संगठन गुजरात और मध्य प्रदेश सा मजबूत हो गया है। महंगाई व हालिया सर्वे समेत कई सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता किसी एक विषय पर नहीं बल्कि समग्र रूप से सोचने और विचार करने के बाद ही वोट देती है। भाजपा का एक फीसद भी विरोध नहीं है। सपा, बसपा और कांग्रेस के नेता समझ रहे हैं कि उन्हें प्रदर्शन, लखीमपुरी खीरी या गोरखपुर जाकर आक्सीजन मिल रही है तो यह उनकी गलतफहमी है। परिणाम पहले से बेहतर आएंगे। 350 सीट के साथ उत्तर प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनेगी।

विपक्षियों की नाव को डूबना ही है: साढ़े चार साल तक विपक्ष पूरी तरह से नदारद रहा। सदन से लेकर सड़क तक सरकार को कोई चुनौती नहीं दे पाया। विपक्ष अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पाया। सपा, बसपा, कांग्रेस हो या ओवैसी समाज को बांटकर चुनावी वैतरणी को पार करने का सपना देख रहे हैं। कभी कृषि कानूनों के विरोध तो कभी लखीमपुर का सहारा लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इनकी नाव में इतने सूराख हैं कि उसे डूबना ही है।

लखीमपुर खीरी के दोषियों पर कार्रवाई होगी: लखीमपुर खीरी में आठ लोगों की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कैप्टन बोले कि राजनीति करने वाले राजनीति कर रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो कहा था, वह कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई जरूरी होगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी