गाजियाबाद में मासूम से दुष्कर्म-हत्या के दोषी को 29 दिन में फांसी की सजा

सोमवार को विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र श्रीवास्तव की अदालत ने चंदन को दोषी करार दिया था। बुधवार को सजा पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने दोषी को उपरोक्त सजा सुनाते हुए जुर्माना भी लगाया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 12:00 PM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 12:01 PM (IST)
गाजियाबाद में मासूम से दुष्कर्म-हत्या के दोषी को 29 दिन में फांसी की सजा
दुष्कर्म व हत्या के दोषी चंदन की फाइल फोटो

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र श्रीवास्तव की अदालत ने बुधवार को दुष्कर्म, हत्या व साक्ष्य मिटाने के मामले में दोषी को फांसी की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 1.5 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया। मामला कविनगर थानाक्षेत्र में ढाई वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर साक्ष्य मिटाने का था। जुर्माना राशि में से 50 फीसद धनराशि मृत बच्ची के पिता को देने के आदेश भी अदालत ने दिए हैं। इस मामले की सुनवाई मात्र 29 दिनों में पूरी हुई।

शासकीय अधिवक्ता उत्कर्ष वत्स ने बताया कि कविनगर थानाक्षेत्र में रहने वाला चंदन 18 अक्टूबर 2020 को पड़ोस में रहने वाली ढाई वर्षीय मासूम को उसकी मां की गोद से छीनकर ले गया था। सुनसान स्थान पर ले जाकर चंदन ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी थी। सुनसान स्थान से बच्ची का शव बरामद होने के बाद उसके पिता ने कविनगर थाने में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, हत्या व साक्ष्य मिटाने के आरोप में चंदन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।

इसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने चंदन को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में गत 19 दिसंबर को पुलिस ने अदालत में आरोप पत्र पेश किया। कुल 10 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। सोमवार को विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र श्रीवास्तव की अदालत ने चंदन को दोषी करार दिया था। बुधवार को सजा पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने दोषी को उपरोक्त सजा सुनाते हुए जुर्माना भी लगाया।

नशीली गोलियों के साथ चार आरोपित गिरफ्तार

वहीं, नशीली गोलियां के साथ हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपितों को पुलिस ने अलग-अलग थानाक्षेत्र से गिरफ्तार किया। मसूरी पुलिस ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान मसौता गांव स्थित फाटक के पास से हिस्ट्रीशीटर अपराधी आबिद निवासी निडारी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक हजार नशीली गोलियां व बाइक बरामद की गई। आबिद के खिलाफ पूर्व में 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी लंबे समय से तलाश कर रही थी। इसके अलावा विजयनगर थाना पुलिस ने मंगलवार रात सुंदरपुरी से रामकुमार को 1.2 किलो डोडा पाउडर और सिहानी गेट थाना पुलिस ने लोहिया नगर चौराहा के पास सुमित व विशाल को 900 नशीली गोलियों के साथ दबोचा।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी