गाजियाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी को 10 साल कैद, 75 हजार रुपये जुर्माना

विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव की अदालत ने बुधवार को नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी को 10 साल कैद की सजा सुनाई। साथ में उस पर 75 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। मामला ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र का है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 03 Feb 2021 07:31 PM (IST) Updated:Wed, 03 Feb 2021 07:31 PM (IST)
गाजियाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी को 10 साल कैद, 75 हजार रुपये जुर्माना
दोषी युवक पीड़िता को मेहंदी लगवाने का झांसा देकर साथ ले गया था।

गाजियाबाद [विवेक त्यागी]। विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र श्रीवास्तव की अदालत ने बुधवार को नाबालिग से दुष्कर्म करने के दोषी का 10 साल कैद की सजा सुनाई। साथ में उस पर 75 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया। मामला ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र का है। दोषी युवक पीड़िता को मेहंदी लगवाने का झांसा देकर साथ ले गया था। विशेष लोक अभियोजक उत्कर्ष वत्स ने बताया कि ट्रोनिका सिटी थानाक्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय पीड़िता मेहंदी लगाने का काम करती है।

25 फरवरी 2017 को पड़ोस में रहने वाले शाहरुख की बहन मेहंदी लगवाने के लिए उसे अपने घर बुलाकर ले गई। वहां से शाहरुख उसे मेहंदी लगवाने का झांसा देकर अपने मामा के घर ले गया। आरोप है कि वहां दो दिन तक बंधक बनाकर शाहरुख ने पीड़िता से दुष्कर्म किया। 28 फरवरी 2017 को वह पीड़िता को घर के पास स्थित पार्क में छोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर स्वजन को मामले की जानकारी दी। शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस शाहरुख को गिरफ्तार किया।

मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट महेंद्र श्रीवास्तव की अदालत में चल रही थी। अभियोजन की तरफ से कुल छह गवाहों के बयान दर्ज कराए गए। बुधवार को सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक उत्कर्ष वत्स ने तर्क दिया कि शाहरुख द्वारा किया गया अपराध अत्यधिक घृणित है। उसे अधिकतम सजा दी जाए, ताकि समाज में अच्छा संदेश जाए। वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने कम सजा दिए जाने की दलील दी। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने शाहरुख को उपरोक्त सजा सुनाई। जुर्माना राशि में से 50 फीसद धनराशि पीड़िता को दिए जाने के आदेश भी अदालत ने दिए।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी