दो सगे भाई नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज

फोटो - 27 एसबीडी - 5 6 11 सब हेड भानू हत्या प्रकरण नामजद आरोपित की तहरीर पर मृतक

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 08:46 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 08:46 PM (IST)
दो सगे भाई नामजद व छह अज्ञात 
के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
दो सगे भाई नामजद व छह अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज

फोटो - 27 एसबीडी - 5, 6, 11

सब हेड: भानू हत्या प्रकरण : नामजद आरोपित की तहरीर पर मृतक पर भी केस दर्ज

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : खोड़ा थाना क्षेत्र के मास्टर पार्क कालोनी में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटके मिले 12वीं के छात्र ध्रुव उर्फ भानू पाल के शव के मामले में क्रास मुकदमा दर्ज हुआ है। भानू की हत्या के आरोप में दो सगे भाई और पांच-छह अज्ञात के खिलाफ हत्या और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। वहीं, मामले में नामजद एक आरोपित की शिकायत पर मृत छात्र और तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के बाद रात करीब 12 बजे पुलिस भानू के भाई शिवम अन्य स्वजन को लेकर खोड़ा थाना गई। वहां पर शिवम से मामले में तहरीर ली। उनकी तहरीर के आधार पर रात करीब डेढ़ बजे सगे भाई सोयब (12वीं का छात्र) व चांद निवासीगण महालक्ष्मी गार्डन खोड़ा व पांच-छह अज्ञात के खिलाफ हत्या और धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की। आरोप है कि पुलिस ने अपने मनमुताबिक तहरीर लिखवाई है। उसमें शिवम की ओर से लिखवाया गया है कि भानू को दो दिन से सोयब व चांद अन्य पांच-छह अन्य लड़कों के साथ घर आकर जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उसी डर के कारण उसे दीदी के यहां भेज दिया था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वही लड़के दीदी के घर की तरफ जाते दिखे। शक होने पर वह दीदी के साथ उनके घर पहुंचे, तो वह लड़के वहां से भागते हुए दिखे। अंदर सीढि़यों पर भानू को मारकर लटकाया गया था। वहीं, स्वजन का कहना है कि भानू बृहस्पतिवार शाम से ही लापता था। उसके यहां फंदे पर लटके होने की सूचना पुलिस से मिली थी। तहरीर और स्वजन के बयान के अंतर से भी तहरीर बदलवाने के आरोप की पुष्टि हो रही है।

सुनील चौहान का मकान : भानू खोड़ा के भारत नगर में रहता था। उसका शव भारत नगर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर मास्टर पार्क कालोनी स्थित सुनील चौहान के मकान में मिला था। पुलिस के मुताबिक इस मकान में भानू की मुंहबोली बहन किराये पर रहती है। पुलिस मकान में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।

भानू के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज : पुलिस ने भानू की हत्या के आरोपित सोयब की तहरीर भी मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दर्ज हुआ है। उसमें सोयब का आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम छह बजे वह ट्यूशन से आ रहा था। रास्ते में भानू ने तीन लोगों के साथ मिलकर उससे मारपीट की थी, जिससे उसके सिर में चोट आई थी। जान से मारने की धमकी दी थी। उसकी शिकायत पर भानू व तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है।

पुलिस दोनों जगह तैनात : शुक्रवार रात से ही घटना स्थल मास्टर पार्क और भानू के घर भारत नगर में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस तैनात है। शनिवार को स्थानीय खुफिया विभाग की टीम भी सक्रिय रही। पुलिस के अधिकारी कानून-व्यवस्था को लेकर टोह लेते रहे। कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ने देने को लेकर अधिकारी सतर्क रहे।

पुलिस का खेल : स्वजन व स्थानीय निवासी शुरू से ही पुलिस को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने एफआइआर करने में भी खेल किया है। आरोप है कि भानू की मौत की खबर पाकर पुलिस ने आनन-फानन सोयब की तहरीर पर भानू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी। उसके बाद भानू की हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। मामले को हल्का करने के लिए पुलिस ने यह खेल किया है। वर्जन

मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

-ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय, गाजियाबाद

chat bot
आपका साथी