जिले में लोनी बना गैस चैंबर

जागरण संवाददाता साहिबाबाद प्रशासन की कार्रवाई में कमी आने से एक्यूआइ बढ़ गया है। शु

By JagranEdited By: Publish:Fri, 26 Nov 2021 07:55 PM (IST) Updated:Fri, 26 Nov 2021 07:55 PM (IST)
जिले में लोनी बना गैस चैंबर
जिले में लोनी बना गैस चैंबर

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : प्रशासन की कार्रवाई में कमी आने से एक्यूआइ बढ़ गया है। शुक्रवार को जिले में लोनी क्षेत्र गैस चैंबर बन गया। लोनी का एक्यूआइ 481 दर्ज किया गया। जबकि पूरे जिले का औसतन एक्यूआइ 374 रहा, जो पिछले एक सप्ताह में सबसे अधिक है। 401 से 500 तक एक्यूआइ गंभीर स्थिति में माना जाता है। प्रदूषण बढ़ने पर शुक्रवार सुबह ज्यादातर लोग घर से बाहर टहलने के लिए नहीं निकले।

जब सुबह लोग सोकर उठे तो वायुमंडल में धुंध छाई हुई थी। सांस के रोगियों को परेशानी हुई। लोगों ने आंखों में जलन महसूस की। इंसान नहीं नहीं, पशु और पक्षियों को भी प्रदूषण से परेशानी हो रही है। जिले में ग्रेप सख्ती से लागू नहीं किया जा रहा है। खुले में सामग्री रख निर्माण किया जा रहा है। अधिकारी प्रदूषण पर खुद निगरानी नहीं कर रहे है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई के लिए दौड़ते हैं। कार्रवाई में केवल जुर्माना लगाया जाता है लेकिन वसूलने से पहले उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए कहा जाता है। जिस वजह से प्रदूषण फैला रही इकाइयों में प्रदूषण फैलाने के प्रति डर नहीं है। दीपावली के बाद से प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में बना हुआ है। अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। नगर निगम की तरफ से प्रदूषण की रोकथाम के लिए पेड़ों की धुलाई व सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है लेकिन प्रदूषण को रोकने में यह नाकाफी है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी उत्सव शर्मा का कहना है कि हवा की गति कम होने से प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। वह प्रदूषण फैला रहे लोगों की निगरानी कर रहे हैं।

--------- लोनी में जारी है लापरवाही अवैध फैक्ट्रियों, तार और कूड़ा के जलने से उठने वाला धुंआ लोनी को प्रदूषित कर रहा है। विकास कुंज कालोनी के मुकेश पांचाल, प्रदीप शर्मा, सुमित कुमार आदि का कहना है कि कृष्णा विहार में अवैध फैक्ट्रियां प्रशासन द्वारा बंद कराई जाती हैं लेकिन कुछ दिन बाद ही दोबारा खुल जाती हैं। नगर पालिका कर्मचारी कूड़े को बेहटा हाजीपुर नहर रोड पर डाल देते हैं, जिसे लोग आग के हवाले कर देते हैं। वहीं जगह-जगह सप्लायर बिल्डिंग निर्माण सामग्री को खुला रखकर बेच रहे हैं। अफसर एक दिन कार्रवाई कर आलीशान दफ्तरों में आराम फरमाते हैं। अधिकारियों की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।

------

छह दिन में प्रदूषण की स्थिति : दिन एक्यूआइ

21 नवंबर : 319

22 नवंबर : 254

23 नवंबर : 268

24 नवंबर : 367

25 नवंबर : 362

26 नवंबर : 374

-------

दोपहर 12 बजे का जिले में क्षेत्रवार एक्यूआइ

क्षेत्र : एक्यूआइ वसुंधरा : 361

इंदिरापुरम : 333

संजय नगर : 320

लोनी : 481

-------

अन्य स्थानों का दोपहर 12 बजे का एक्यूआइ स्थान : एक्यूआइ

फरीदाबाद : 419

ग्रेटर नोएडा : 383

गुरुग्राम : 366

नोएडा : 387

दिल्ली : 406

chat bot
आपका साथी