सांसों की भूख मिटा रहा 'आक्सीजन लंगर'

जागरण संवाददाता साहिबाबाद इंदिरापुरम के ज्ञान खंड- चार स्थित गुरुद्वारा सभा में आक्सीजन लंग

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 08:26 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 08:26 PM (IST)
सांसों की भूख मिटा रहा 'आक्सीजन लंगर'
सांसों की भूख मिटा रहा 'आक्सीजन लंगर'

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :

इंदिरापुरम के ज्ञान खंड- चार स्थित गुरुद्वारा सभा में आक्सीजन लंगर शुरू किया गया है। खालसा हेल्प इंटरनेशनल संस्था की ओर से यहां पर 24 घंटे लोगों को आक्सीजन दी जा रही है। बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक 250 लोगों को सड़क पर ही आक्सीजन दी गई।

बीते वर्ष कोरोना काल में इंदिरापुरम गुरुद्वारे की खालसा हेल्प संस्था की ओर से हजारों लोगों को राशन, गैस सिलेंडर, खाना व अन्य जरूरत के सामानों की आपूर्ति की गई थी। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली थी। इस बार जब अस्पतालों व होम आइसोलेशन के कोरोना संक्रमितों को आक्सीजन नहीं मिल पा रही है तो इंदिरापुरम गुरुद्वारे में आक्सीजन लंगर की सेवा शुरू की गई है। बृहस्पतिवार रात से शुरू हुई सेवा में शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक 250 लोग लाभ उठा चुके हैं। 24 घंटे आक्सीजन की सुविधा दी जा रही है। बृहस्पतिवार रात एक महिला के शरीर में आक्सीजन का स्तर लगातार गिर रहा था। वह कार से स्वजनों के साथ गुरुद्वारे पर पहुंची। कार के पास सिलेंडर रखकर महिला को आक्सीजन देकर जान बचाई गई। इसकी वीडियो वाटसएप ग्रुप पर वायरल हो रही है। लोग इस सराहनीय काम को करने वालों को सलाम कर रहे हैं।

----

जारी किया गया है हेल्पलाइन नंबर : खालसा हेल्प इंटरनेशनल की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। 9097821313, 9097341313, 9097361313 और 9097041313 इन नंबरों पर काल कर आक्सीजन के लिए इंदिरापुरम गुरुद्वारे पर जा सकते हैं। बृहस्पतिवार को दिन भर लोग कॉल कर आक्सीजन के लिए आते रहे। जो लोग कार से आए उन्हें कार के अंदर ही किट के जरिये आक्सीजन दी गई। वहीं, ऐसे लोग जो कार से नहीं थे। उन्हें कुर्सी पर बैठाकर आक्सीजन दी गई। यहां पर 20 आक्सीजन गैस के सिलेंडर हैं। दिल्ली से आक्सीजन लाई जा रही है।

-----

अस्पतालों में आक्सीजन की कमी और काला बाजारी से लोग परेशान हैं। ऐसे में लोगों की जान जा सकती है। लोगों की जान बचाने के लिए इंदिरापुरम गुरुद्वारे पर मुफ्त में आक्सीजन देने की सुविधा शुरू की गई है। यह सुविधा 24 घंटे दी जा रही है। - गुरुप्रीत सिंह, संस्थापक, खालसा हेल्प इंटरनेशनल संस्था।

chat bot
आपका साथी