दिल्ली- महाराजपुर सीमा पर जाम होगा खत्म

जागरण संवाददाता साहिबाबाद महाराजपुर सीमा से दिल्ली जाने वाले लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 06:22 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 06:22 PM (IST)
दिल्ली- महाराजपुर सीमा पर जाम होगा खत्म
दिल्ली- महाराजपुर सीमा पर जाम होगा खत्म

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : महाराजपुर सीमा से दिल्ली जाने वाले लाखों लोगों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली-महाराजपुर सीमा पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए नगर निगम ने काम शुरू कर दिया है। सीमा पर सड़क की दो लेन और बढ़ाई जाएंगी। यहां सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से जाम लगता था। प्रदर्शनकारियों ने यूपी गेट का रास्ता बंद किया हुआ है, जिस वजह से डा. बर्मन रोड पर वाहनों की संख्या में इजाफा हो गया है। प्रतिदिन दो लाख से ज्यादा वाहन इस रोड से होकर दिल्ली जाते हैं। सीमा तक यह रोड तीन लेन का है। महाराजपुर सीमा पर यह रोड दो लेन का हो जाता है। चौड़ाई कम होने पर यहां लंबा जाम लगा रहता है। यहां पर खुला नाला होने की वजह से सड़क चौड़ी नहीं की गई थी। जाम लगने के कारण प्रदूषण बढ़ रहा था। कारवा के अध्यक्ष वीके मित्तल जाम की वजह से हो रहे प्रदूषण की समस्या को एनजीटी में ले गए थे। एनजीटी ने मंडलायुक्त, डीएम, नगर आयुक्त, एसएसपी को यातायात प्रबंधन का आदेश दिया था। इसके बाद नगर निगम ने जाम की समस्या को खत्म करने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया,जिस नाले की वजह से सड़क चौड़ी नहीं हो रही थी, उस नाले को खत्म कर उसके स्थान पर पाइप डाला जा रहा है। पाइप को कवर करने के बाद सड़क चौड़ी करने के लिए जगह मिल जाएगी।

एसपी ट्रैफिक ने किया निरीक्षण

यातायात प्रबंधन के तहत कौशांबी में यूटर्न बनाने और अवैध कटों को बंद करने के लिए मंगलवार को नगर निगम के इंजीनियरों के साथ एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने रोड का निरीक्षण किया। कटों को बंद कराने और यूटर्न बनाने वाले स्थानों को एसपी ट्रैफिक ने चिह्नित कराया। नगर निगम यूटर्न, पार्किंग और अवैध कटों को बंद करने के लिए 1.40 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

खुले नाले को कवर कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। महाराजपुर सीमा सड़क कम चौड़ी होनी पर जाम लगता था। अब लोगों की परेशानी खत्म हो जाएगी।

- अनिल त्यागी, अधिशासी अभियंता, निर्माण विभाग

chat bot
आपका साथी