मुरादनगर में अंत्येष्टि स्थल की छत गिरी,19 की मौत

जागरण संवाददातामुरादनगर उखलारसी अंत्येष्टि स्थल की छत रविवार को भरभराकर गिर गई। इसमें अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 19 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Jan 2021 07:45 PM (IST) Updated:Sun, 03 Jan 2021 07:45 PM (IST)
मुरादनगर में अंत्येष्टि स्थल की छत गिरी,19 की मौत
मुरादनगर में अंत्येष्टि स्थल की छत गिरी,19 की मौत

जागरण संवाददाता,मुरादनगर: उखलारसी अंत्येष्टि स्थल की छत रविवार को भरभराकर गिर गई। इसमें अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 19 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही है। हादसे की जांच मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम व एडीजी जोन राजीव सभरवाल को दी गई है। प्राथमिक जांच में निर्माण में बेहद घटिया सामग्री के इस्तेमाल की बात सामने आई है। नगरपालिका ने दो माह पहले ही इसका निर्माण कराया था।

शनिवार को बालाजी कालोनी निवासी जयराम की बीमारी के चलते मौत हो गई। रविवार को सुबह करीब 10 बजे जयराम के शव को लेकर लोग उखलारसी अंत्येष्टि स्थल गए थे। अंतिम संस्कार में 100 से ज्यादा लोग शामिल थे। करीब 11 बजे के आसपास अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो गई और पुजारी ने सभी लोगों को जयराम की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट के मौन के लिए गैलरी में बुलाया। करीब सवा 11 बजे अचानक गैलरी की छत भरभराकर गिर गई। चीख-पुकार के बीच कुछ लोग तो वहां से दौड़कर बाहर निकल गए, जबकि कुछ लोग के मलबे के नीचे दब गए।

सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। वहीं सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। तत्काल घटना की जानकारी अधिकारियों व एनडीआरएफ को दी। एनडीआरएफ की टीम गाजियाबाद से करीब आधे घंटे में घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान रैपिड रेल निर्माण कार्य में लगी जेसीबी, हाइड्रा मंगवाई गई। इसकी मदद से 65 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। अस्पताल में 19 लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज चल रहा है।

डीएम अजयशंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी भी तुरंत मौके पर पहुंचे। शाम को आइजी प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने मौका मुआयना कर घटना की जानकारी जुटाई। घटनास्थल पर केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, विधायक अजीतपाल त्यागी आदि भी पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही घटना के जिम्मेदारों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

chat bot
आपका साथी