बुर्का में फर्जी वोट रोकने के लिए उतारी गई आधी आबादी

हसीन शाह गाजियाबाद बुर्का की ओट में फर्जी वोट डालने वाली महिलाओं पर नजर रखने के लिए

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 08:25 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 08:25 PM (IST)
बुर्का में फर्जी वोट रोकने के लिए उतारी गई आधी आबादी
बुर्का में फर्जी वोट रोकने के लिए उतारी गई आधी आबादी

हसीन शाह, गाजियाबाद :

बुर्का की ओट में फर्जी वोट डालने वाली महिलाओं पर नजर रखने के लिए खुद प्रत्याशियों ने आधी आबादी का सहारा लिया। महिलाओं की टीम बुर्का में आने वाली महिला मतदाताओं पर कड़ी नजर रख रही थीं। रसूलपुर गांव में तो एक महिला मतदान केंद्र के गेट के पास कुर्सी पर बैठकर बुर्के वाली महिला मतदाताओं की अंगुली की स्याही चेक कर रही थी। इस महिला ने कई बुर्का वाली महिलाओं पर दो बार वोट डालने का आरोप भी लगाया।

रसूलपुर गांव में प्रत्याशियों को एक दूसरे पर बुर्के में महिलाओं से फर्जी मतदान कराने का शक था। ऐसे में ज्यादातर प्रत्याशियों ने टीम बनाकर महिलाओं को तैनात कर दिया। कई बार तो महिलाएं बुर्का उठवाकर भी चेहरा देख रही थीं। इसी प्रकार कुशलिया गांव में भी एक प्रत्याशी ने बुर्के वाली महिलाओं पर नजर रखने के लिए दो महिलाओ को तैनात कर रखा था। ये महिलाएं बुर्का में आनी वाली महिलाओं के अंगुली पर लगी स्याही के निशान चेक कर रही थीं। हालांकि इस तरह चेकिग करने का उन्हें कोई अधिकार नहीं था, लेकिन महिलाओं ने कोई विरोध भी नहीं किया।

प्रत्याशी की समर्थक महिला ने नाहल गांव में एक बुर्के वाली महिला पर अंगुली से निशान मिटाकर दूसरे की वोट डालने का आरोप लगाया। बाद में यह आरोप गलत पाया गया। इस दौरान हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस ने सभी समझाकर महिलाओं को शांत कराया।

------

मसूरी में पुलिस ने फटकारी लाठियां

मसूरी गांव स्थित मतदान केंद्र से भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को सड़क पर लाठियां फटकारनी पड़ी। हालांकि मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। किसी स्थान से हिसक घटना की सूचना नहीं मिली। संवदेनशील होने के कारण मसूरी में पुलिस की कड़ी सुरक्षा थी। सुबह सात बजे से मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई। सुबह 11 बजे मतदान केंद्र पर दो प्रत्याशियों के समर्थक फर्जी मतदान करने का आरोप लगा एक दूसरे से भिड़ गए। पुलिस ने लाठियां फटकार कर समर्थकों को भगा दिया। मसूरी में बुजुर्ग और दिव्यांगों ने भी वोट डाले।

---

खाना बांटने से रोका

दोपहर एक बजे एक प्रत्याशी पुलिस वालों के लिए भोजन व पानी लेकर डासना देहात आंबेडकर कालेज मतदान केंद्र पर पहुंच गया। पुलिस ने उसका भोजन लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने मतदाताओं को भोजन व पानी बांटना शुरू कर दिया। पुलिस ने उसे ऐसा करने से भी रोक दिया और जमकर फटकार लगाई। इसके अलावा मसूरी के प्राथमिक विद्यालय मतदान केंद्र पर मतदाताओं को पानी बांट रहे एक प्रत्याशी को रोक दिया।

-----

नाहल में महिलाओं की लगी लंबी कतार

नाहल गांव में महिला मतदाताओं की लंबी कतार रही। यहां महिलाएं बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए घर से निकलीं। पुलिस को महिलाओं को कतार में खड़ा करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी तक कतार लगी हुई थी। इनमें बुजुर्ग महिलाएं भी काफी संख्या में थीं। इसके अलावा कल्लूगढ़ी गांव में भी महिलाओं की खासी तादाद रही।

chat bot
आपका साथी