संशोधित : जिले में डेंगू से महिला प्रधान समेत दो की मौत,विभाग बेखबर

जागरण संवाददाता गाजियाबाद डेंगू का कहर अब तेज हो गया है। शुक्रवार को जिले में डेंग

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 10:43 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:33 PM (IST)
संशोधित : जिले में डेंगू से महिला प्रधान समेत दो की मौत,विभाग बेखबर
संशोधित : जिले में डेंगू से महिला प्रधान समेत दो की मौत,विभाग बेखबर

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: जिले में डेंगू का कहर अब तेज हो गया है। शुक्रवार को जिले में डेंगू से एक ही दिन में दो मौत हुई। जिसमें लोनी के मेवला भट्टी गांव की महिला प्रधान भी शामिल हैं। महिला प्रधान को मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष सम्मानित किया था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को देर रात तक इन मौतों के बारे में कोई सूचना नहीं मिली थी।

लोनी ब्लाक के मेवला भट्टी महिला ग्राम प्रधान बृजेश की शुक्रवार सुबह दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वजन ने गमगीन माहौल में गांव स्थित श्मशान घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। स्वजन के अनुसार उनकी मौत डेंगू से हुई है। मेवला भट्टी महिला ग्राम प्रधान बृजेश सरल स्वभाव की महिला थी। सरल और मिलनसार व्यवहार के चलते ग्रामीणों ने उन्हें तीसरी बार ग्राम प्रधान चुना था। उनके कार्यकाल में गांव मेवला भट्टी को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना वर्ष 2020-21 में चयनित 301 ग्राम पंचायतों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था। ग्राम प्रधान के पति महेश ने बताया कि कुछ समय पूर्व वह नोएडा गई थी। बुखार होने पर जांच कराई तो डेंगू से संक्रमित होने का पता चला। जिसपर उन्हें उपचार के लिए नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य लाभ न होने पर उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां शुक्रवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

डेंगू से दूसरी मौत जे ब्लाक के मकान संख्या-135 सेक्टर-23 संजयगर निवासी राजेश सिंह की पत्नी रीति लता की हुई। उन्हें कुछ दिनों से बुखार के साथ पेट दर्द था। स्वजन ने उन्हें 19 सितंबर को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में डेंगू की पुष्टि हो गई। प्लेटलेट्स कम होने पर उन्हें आइसीयू में भर्ती कर दिया गया। उनके फेफड़ों में संक्रमण होने की वजह से सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। हालत खराब होने पर आक्सीजन पर रखा गया। शुक्रवार को चिकित्सकों ने रीति लता को मृत घोषित कर दिया। मृतक रीति लता के देवर दिनेश सिंह ने बताया कि उनकी भाभी को डेंगू था और फेफड़ों में भी संक्रमण था। जिला सर्विलांस अधिकारी आरके गुप्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि डेंगू पीड़ित 45 वर्षीय महिला रीति लता की मौत हुई है। समय पर सूचना न देने पर संबंधित अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------

दो बच्चों की पहले हो चुकी है मौत मृतक के देवर दिनेश के मुताबिक राजेश के दो बच्चों अभिलाष और अंजलि की कई साल पहले मौत हो चुकी है। डेंग की वजह से रीति लता की मौत के बाद अब राजेश अकेले रह गए हैं।

---------

2016 में हुई थी मौत इससे पहले वर्ष 2016 में जिले में डेंगू के सबसे अधिक 621 केस आने पर विजयनगर निवासी एक व्यक्ति की डेंगू से मौत हुई थी। इस वर्ष चिकनगुनिया के सबसे अधिक 1024 मरीज थे। छह साल बाद जिले में डेंगू से पीड़ित महिला की मौत होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है।

------

डेंगू के 14 मरीजों की हालत खराब सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती डेंगू के 42 मरीजों में से 14 की हालत खराब बताई गई है। पांच मरीजों को दो बार प्लेटलेट्स चढ़ाई जा चुकी है। इसके अलावा डायरिया और वायरल से पीड़ित 17 मरीजों को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में कुल 124 मरीज भर्ती हैं। ओपीडी में पहुंचे 2,857 मरीजों में बुखार के 516 मरीज पहुंचे। इनमें 237 बच्चों में से 134 को बुखार और 32 को डायरिया मिलने पर इलाज शुरू किया गया है।

chat bot
आपका साथी