दिल्ली नहीं पहुंचे किसान, मोहन नगर चौराहा पर रोका

जागरण संवाददाता साहिबाबाद केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में बृहस्पतिवार क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 26 Nov 2020 06:21 PM (IST) Updated:Thu, 26 Nov 2020 06:21 PM (IST)
दिल्ली नहीं पहुंचे किसान, मोहन नगर चौराहा पर रोका
दिल्ली नहीं पहुंचे किसान, मोहन नगर चौराहा पर रोका

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में बृहस्पतिवार को दिल्ली जा रहे भारतीय किसान यूनियन अंबावता से जुड़े किसानों को जिला प्रशासन ने मोहन नगर चौराहा पर ही रोक लिया। प्रशासन की मुस्तैदी की वजह से किसान यूपी गेट होते हुए दिल्ली नहीं जा सके और मोहन नगर चौराहा पर ही अधिकारियों को ज्ञापन देकर लौट गए।

-------

सुबह सात बजे से मुस्तैद हो गई पुलिस : किसानों ने बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे यूपी गेट होते हुए दिल्ली जाने का एलान किया था। इसके मद्देनजर सुबह सात बजे से ही यूपी गेट पर पुलिस बल तैनात हो गया। पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह और एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट विनय सिंह ने मोर्चा संभाला। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। 11:30 बजे डाबर तिराहा पर कौशांबी थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ तैनात हो गए। दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी यूपी गेट पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। दोपहर दो बजे किसान मोहन नगर चौराहा से ही वापस हो गए, तो यहां पर तैनात पुलिस बल हटाया गया। वहीं, दिल्ली की सीमा में दिल्ली पुलिस अर्धसैनिक बल के साथ मुस्तैद रही।

---------

मोहन नगर चौराहा पर सौंपा ज्ञापन : भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा की अगुवाई में दर्जनों किसान सुबह साढ़े नौ बजे लोनी से यूपी गेट होते हुए दिल्ली जाने के लिए निकले। सचिन शर्मा ने बताया कि प्रशासन ने भोपुरा पर उन्हें रोक लिया। विरोध करने पर उन्हें पैदल जाने देने की अनुमति दी। उनके 10 ट्रैक्टर व तीन बसों को भोपुरा से आगे नहीं बढ़ने दिया। उसके बाद वह लोग अपने निजी वाहन बुलाकर सुबह करीब 11 बजे मोहन नगर चौराहा पर पहुंचे। यहां लिक रोड पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। एडिशनल सिटी मजिस्ट्रेट विनय सिंह व सहायक पुलिस अधीक्षक केशव ने कोरोना संक्रमण की बात करते हुए दिल्ली नहीं जाने की अपील की। अधिकारियों की बात मानते हुए उन्हें मोहन नगर चौराहा पर ही छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार का कार्यक्रम सिर्फ समाप्त हुआ है। आंदोलन चलता रहेगा। इस दौरान किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जय जवान, जय किसान का नारा लगाया। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण शर्मा, प्रदेश महासचिव मुकेश सोलंकी, जिलाध्यक्ष अमित कसाना, महानगर अध्यक्ष विकास यादव सहित करीब दो दर्जन किसान मौजूद रहे।

------

हर स्थिति से निपटने की थी तैयारी : जिला प्रशासन ने यूपी गेट पर हर स्थिति से निपटने की तैयारी की थी। अग्निशमनकर्मी, क्रेन, एंबुलेंस के भी इंतजाम रहे। किसानों के यहां नहीं पहुंचने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

---------

किसानों की मांगें

- केंद्र सरकार तीन नए कृषि कानून वापस ले।

- स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू की जाएं।

- देश के किसानों का कर्ज माफ किया जाए।

- गन्ना भुगतान जल्द किया जाए।

- किसानों का बिजली बिल माफ किया जाए।

- किसानों के बच्चों का शुल्क माफ किया जाए।

-----------

सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन व पुलिस के अधिकारी पुलिस बल के साथ तैनात रहे। स्थिति पूरी तरह से सामान्य रही। शांतिपूर्ण माहौल है।

- अजय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी, गाजियाबाद।

chat bot
आपका साथी