तय रूट का उल्लंघन कर किसानों ने अप्सरा बार्डर पर तोड़े बैरिकेड

जासं गाजियाबाद अप्सरा बार्डर पर किसानों ने तय रूट का उल्लंघन कर सभी बैरिकेड तोड़ दिए

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 08:46 PM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 08:46 PM (IST)
तय रूट का उल्लंघन कर किसानों ने अप्सरा बार्डर पर तोड़े बैरिकेड
तय रूट का उल्लंघन कर किसानों ने अप्सरा बार्डर पर तोड़े बैरिकेड

जासं, गाजियाबाद : अप्सरा बार्डर पर किसानों ने तय रूट का उल्लंघन कर सभी बैरिकेड तोड़ दिए और जमकर उत्पात मचाया। किसानों ने दिल्ली में घुसने की कोशिश को तो बार्डर पर तैनात दिल्ली पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया और आंसू गैस के गोले दागे। सभी किसान ट्रैक्टर-ट्राली से कूदकर गाजियाबाद की तरफ भागे। बार्डर पर किसानों को उग्र होता देख गाजियाबाद पुलिस की सांसें फूली रहीं। तीन घंटे तक किसान अप्सरा बार्डर पर जुटे रहे।

किसानों की ट्रैक्टर परेड गाजीपुर बार्डर से शुरू होकर आनंद विहार होता हुआ अप्सरा बार्डर पर पहुंची। यहां से किसानों को जीटी रोड से होते हुए गाजियाबाद में प्रवेश करना था। तय रूट के अनुसार किसान अप्सरा बार्डर से गाजियाबाद की तरफ मुड़ गए। लेकिन जीटी रोड पर गाजियाबाद की तरफ मुड़ने के बाद किसानों ने फिर से दिल्ली शाहदरा की तरफ यू-टर्न ले लिया। शाहदरा की तरफ जाने के लिए रूट तय नहीं था। पुलिस ने पहले से ही किसानों को रोकने के लिए सीमेंट के बैरिकेड लगाए हुए थे। पुलिस ने किसानों को शाहदरा की तरफ जाने से रोकने की कोशिश की। किसानों ने सभी सीमेंट के बैरिकेड को रस्सी से बांधकर हटा दिया और किसान आगे बढ़ गए। आगे फिर से दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिग कर दी। किसानों ने इस बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश की तो दिल्ली पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। दिल्ली पुलिस द्वारा उत्पात मचाने वाले युवकों के ट्रैक्टरों के पहिये की हवा निकालने और उनकी गाड़ियों के शीशे तोड़ने पर गाजियाबाद सीमा में खड़े कुछ किसानों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। गाजियाबाद पुलिस ने किसानों को समझाकर शांत कराया। सभी किसानों ने अप्सरा बार्डर पर ही ट्रैक्टर-ट्रालियों को रोक दिया। करीब 12 बजे से तीन बजे तक ट्रैक्टर ट्राली लेकर किसान बार्डर पर ही खड़े रहे। करीब तीन बजे किसान गाजियाबाद से मोहननगर होकर यूपी गेट की तरफ लौट गए। ट्रैक्टर परेड के चलते गाजियाबाद पुलिस ने जीटी रोड पर अप्सरा बार्डर से मेरठ तिराहा तक वाहनों का संचालन बंद कर दिया। जिस वजह से जीटी रोड पर जाम नहीं लगा। रूट भटकाने का आरोप

कुछ किसानों ने पुलिस पर तय रूट से भटकाने का आरोप लगाया। उत्तराखंड से आए किसान दिनेश सिंह ने बताया कि किसानों का ट्रैक्टर परेड अप्सरा बार्डर से गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे। मगर पुलिस ने किसानों को प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट से भटका दिया। ज्यादातर किसान दूर-दराज के जनपदों से आए हैं। उन्हें यहां की सड़कों की जानकारी नहीं थी।

chat bot
आपका साथी