असली नहीं क्षेत्र में घूम रही है नकली पुलिस

अवनीश मिश्र साहिबाबाद पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह ने इंदिरापुरम में छह दिन

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 08:16 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 08:16 PM (IST)
असली नहीं क्षेत्र में घूम रही है नकली पुलिस
असली नहीं क्षेत्र में घूम रही है नकली पुलिस

अवनीश मिश्र, साहिबाबाद : पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले गिरोह ने इंदिरापुरम में छह दिन में दो बुजुर्ग महिलाओं से साथ लाखों रुपये की ठगी की है। पुलिस के पास उनका हुलिया व अन्य विवरण मौजूद है। फिर भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार करके अपनी साख नहीं बचा पा रही है। इससे ठगों का मनोबल बढ़ रहा है। आठ अक्टूबर की सुबह पुलिसकर्मी बनकर ठगों ने वैभव खंड में सेवानिवृत्त प्रोफेसर कुमकुम भटनागर पर रौब गालिब किया। उनसे करीब तीन लाख रुपये के गहने ठगकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। ठगों का हुलिया व अन्य विवरण दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया। नतीजा यह हुआ कि ठगों ने 14 अक्टूबर की सुबह अभय खंड में रजनी की मां से सोने की चूड़ियां ठग लीं।

एक ही गिरोह ने दोनों वारदात को दिया अंजाम : कुमकुम के साथ ठगी करने वालों में एक सरदार शामिल था। रजनी की मां को ठगने वालों में भी सरदार था। दोनों पीड़ितों के बताए अनुसार उनका हुलिया बिल्कुल मिल रहा था। अन्य ठगों का हुलिया भी समान है। दोनों पीड़िताओं को ठग एक जैसी पीतल की चूड़ियां देकर फरार हुए हैं। इससे साफ है कि दोनों वारदात को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है।

पुलिस की खास पर बट्टा : कुमकुम ने ठगी होने के बाद ही पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके इतिश्री कर ली। ठगों के बारे में छानबीन नहीं की। क्षेत्र में गश्त और चेकिग भी नहीं बढ़ाई। इसका दुष्प्रभाव यह रहा कि उन्होंने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। इससे पुलिस कठघरे में खड़ी हो गई। उसकी साख पर बट्टा लग रहा है।

बरतें सावधानी :

- कोई खुद को पुलिसकर्मी बताए तो उसका आइकार्ड देखें।

- बिना डरे जांच-पड़ताल का कारण पूछें।

- जरूरत महसूस हो तो शोर मचाकर आसपास के लोगों की मदद लें।

- पुलिस कंट्रोल रूम में काल करके सूचना दें।

- किसी के कहने पर गहने न उतारें।

पूर्व में हुईं कुछ प्रमुख घटनाएं :

- इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती पार्क, नीति खंड में पुलिसकर्मी बनकर दो बदमाशों ने बुजुर्ग बिमलेश रस्तोगी से सोने के चार कंगन ठगे। - इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभय खंड में पुलिसकर्मी बनकर छह बदमाशों ने सुशील कुमार सिन्हा को लूटने का प्रयास किया।

- लिक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ कालोनी में पुलिसकर्मी बनकर दो बदमाशों ने नीलम से सोने की चार चूड़ियां ठग लीं। - लिक रोड थाना क्षेत्र के रामप्रस्थ कालोनी में पुलिसकर्मी बनकर दो बदमाशों ने राज सेहरा से सोने की दो चूड़ियां व अंगूठी उतरवा ली।

chat bot
आपका साथी