हाइटेंशन लाइन के तार टूटने से चार घंटे विद्युत आपूर्ति रही बाधित

संवाद सहयोगी लोनी दिल्ली सहारनपुर मार्ग स्थित पावी सादकपुर गांव के पास रविवार दोपहर एक ट

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 10:22 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:22 PM (IST)
हाइटेंशन लाइन के तार टूटने से चार घंटे विद्युत आपूर्ति रही बाधित
हाइटेंशन लाइन के तार टूटने से चार घंटे विद्युत आपूर्ति रही बाधित

संवाद सहयोगी, लोनी : दिल्ली सहारनपुर मार्ग स्थित पावी सादकपुर गांव के पास रविवार दोपहर एक ट्रक पलट गया। ट्रक को उठाते समय क्रेन की चपेट में आने से पास से गुजर रही हाइटेंशन लाइन के तार टूट गए। तार टूटने से पावी और लाल बाग उपकेंद्र की विद्युत सप्लाई बाधित हुई। विद्युत कर्मचारियों ने तारों की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू कराई। करीब चार घंटे आपूर्ति ठप होने से लोगों को परेशानी हुई।

पावी सादकपुर गांव के पास रविवार दोपहर करीब दो बजे ट्रक पलट गया। ट्रक को उठाने के दौरान क्रेन की चपेट में आने से पास से गुजर रहे हाइटेंशन लाइन के तार टूट गए। गनीमत रही कि लाइन ट्रिप होने से करंट नहीं उतरा। लोगों ने घटना की जानकारी विद्युत विभाग को दी। तारों के टूटने से पावी उपकेंद्र से पावी सादकपुर गांव, अगरोला गांव, महक सिटी कालोनी, पूजा कालोनी में की जाने वाली विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। साथ ही लाल बाग उपकेंद्र से जुड़ी नसबंदी कालोनी, लाल बाग कालोनी, इंद्रापुरी डी ब्लाक, बलराम नगर, अल्वी नगर कालोनियों में रहने वाले लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से दोनों उपकेंद्र से जुड़े करीब 35 हजार उपभोक्ता प्रभावित हुए। अधिशासी अभियंता रमेश कृष्णानी ने बताया कि करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तारों की मरम्मत कर आपूर्ति सुचारू कराई गई। आपूर्ति सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।

chat bot
आपका साथी