दिल्ली पुलिस ने अचानक सील की सीमा, चरमराई यातायात व्यवस्था

जागरण संवाददाता साहिबाबाद दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अचानक महाराजपु

By JagranEdited By: Publish:Fri, 17 Sep 2021 06:57 PM (IST) Updated:Fri, 17 Sep 2021 06:57 PM (IST)
दिल्ली पुलिस ने अचानक सील की सीमा, चरमराई यातायात व्यवस्था
दिल्ली पुलिस ने अचानक सील की सीमा, चरमराई यातायात व्यवस्था

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे अचानक महाराजपुर सीमा सील कर दी। इससे पूरे गाजियाबाद की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जगह-जगह जाम लग गया। वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। दिल्ली पुलिस ने शाम करीब पांच बजे सीमा खोली तो यातायात व्यवस्था सामान्य हुई। यूपी गेट पर 28 नवंबर से कृषि कानून विरोधी धरना चल रहा है। यहां से कोई भी दिल्ली नहीं जा पा रहा है। राहगीरों को खोड़ा, ईडीएम माल, महाराजपुर, चंद्र नगर, ज्ञानी बार्डर, भोपुरा आदि सीमाओं से गुजारा जा रहा है। यूपी गेट से हर दिन गुजरने वाले करीब दो लाख वाहन इन सीमाओं से होकर गुजरते हैं। वाहनों का दबाव बढ़ने से इन सीमाओं पर जाम की स्थिति रहती है। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे दिल्ली पुलिस ने अचानक महाराजपुर सीमा भी सील कर दी। इससे स्थिति और बिगड़ गई। यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। गाजियाबाद की यातायात पुलिस ने वसुंधरा लालबत्ती, डाबर तिराहा, कौशांबी मेट्रो स्टेशन और कौशांबी की आंतरिक सड़क पर बैरियर लगाकर महाराजपुर सीमा की ओर जाने वाले वाहनों को रोका। उन्हें चंद्र नगर, ज्ञानी बार्डर आदि सीमाओं की ओर भेजा। राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ से दिल्ली की ओर आने वाले वाहनों को नोएडा सेक्टर-62 से डीएनडी की ओर से भेजा। महाराजपुर सीमा पर फंसे वाहनों को वापस कराया। उन्हें भी अन्य सीमाओं से दिल्ली भेजा। शाम करीब पांच बजे दिल्ली पुलिस ने सीमा खोली। उसके बाद यातायात सामान्य हुआ। पुलिस अधीक्षक यातायात गाजियाबाद रामानंद कुशवाहा ने बताया कि दिल्ली पुलिस की ओर से सीमा सील करने से दिक्कत हुई। जगह-जगह यातायात पुलिस की तैनाती कर व्यवस्था बनाई गई।

--------

पटपड़गंज दिल्ली जा रहा था। महाराजपुर सीमा सील होने से अब लंबा चक्कर काटना पड़ेगा। इससे बहुत दिक्कत होगी।

- प्रदीप शर्मा, राहगीर

--------

महाराजपुर सीमा होकर ईस्ट आफ कैलाश दिल्ली जाना था। कौशांबी मेट्रो स्टेशन के पास से पुलिस ने वापस कर दिया। अब चंद्र नगर सीमा होकर जाना पड़ेगा। इससे ईंधन व समय की बर्बादी होगी।

- जानी, राहगीर

----------

गाजीपुर दिल्ली जा रहा था। जाम में करीब आधे घंटे से फंसा हूं। ईंधन फूंक रहा है।

- राहुल, राहगीर

---------

फरीदाबाद जाना था। महाराजपुर सीमा अचानक सील हो गई है। इससे दिक्कत हो रही है।

- सुनील, राहगीर

chat bot
आपका साथी