30 घंटे से लापता युवक का फंदे पर लटका मिला शव, आक्रोशित लोगों ने लैपर्ड तोड़ी

जागरण संवाददाता गाजियाबाद खोड़ा थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात युवक का शव फंदे पर लटका मि

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 12:56 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 12:56 AM (IST)
30 घंटे से लापता युवक का फंदे पर लटका मिला शव, आक्रोशित लोगों ने लैपर्ड तोड़ी
30 घंटे से लापता युवक का फंदे पर लटका मिला शव, आक्रोशित लोगों ने लैपर्ड तोड़ी

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: खोड़ा थानाक्षेत्र में शुक्रवार रात युवक का शव फंदे पर लटका मिला। स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और लोगों ने पुलिस की गाड़ियों पर पथराव कर एक लैपर्ड (पुलिस का दुपहिया वाहन) को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान खोड़ा की भरतनगर कालोनी निवासी भानु पाल के रूप में हुई है। उसके पिता रामनिवास परचुन की दुकान करते हैं। भानु का शव मास्टर पार्क कालोनी स्थित एक मकान में सीढि़यों की ग्रिल पर फंदे से लटका मिला। आरोप है कि पैर जमीन पर लटक रहे थे। ऐसे में भानु की हत्या कर शव यहां लटकाया गया है। स्वजन का कहना है कि बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे भानु घर से निकला था और तभी से नहीं लौटा। बृहस्पतिवार देर रात साढ़े नौ बजे चांद नाम का व्यक्ति करीब 20 लोगों के साथ भानु के घर पहुंचा और स्वजन से भानु को उसके हवाले करने की मांग की। स्वजन का कहना है कि वह माजरा नहीं समझे और घर पर भानु को ना देख आरोपित लौट गए। कुछ देर बाद पता चला कि भानु का मयूर विहार फेस-3 के पास कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था, जिन्होंने उसको हत्या की धमकी दी थी। मां ने बताया कि 20 वर्षीय भानु तीन भाइयों में सबसे छोटा था और ओपन से 12वीं की पढ़ाई कर रहा था। घर पर लोगों के आने के बाद उन्हें झगड़े का पता चला। भानु के पास मोबाइल न होने के चलते स्वजन उससे संपर्क नहीं कर पाए और देर रात होने के चलते स्वजन पुलिस के पास नहीं गए। आरोप है कि आधी रात के बाद ढाई बजे थाना खोड़ा की पुलिस टीम आई और भानु के पिता रामनिवास को अपने साथ थाने ले गई। रामनिवास की पत्नी का आरोप है कि वह शुक्रवार को पूरे दिन पुलिस से पति को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन थाने में उनको पति को पकड़े जाने के बारे में भी नहीं बताया गया। शुक्रवार देर रात साढ़े नौ बजे उन्हें पुलिस से भानु की मौत के बारे में सूचना मिली। उनके मुताबिक पुलिस ने उन्हें भानु के आत्महत्या करने की जानकारी दी, जब तक वह पहुंचतीं, इससे पहले ही पुलिस ने शव को फंदे से उतार लिया था। भानु के करीब 30 घंटे से लापता होने, घर पर दबंगों के आने और फिर उसके पिता को पुलिस के उठाने के बाद भानु का शव मिलने से स्वजन व आसपास के लोग आक्रोशित हो गए। भाई भानु का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके पिता रामनिवास को भी मौके पर लाकर छोड़ दिया। यह सब देख नाराज हुए लोगों ने जोरदार हंगामा कर पुलिस पर पथराव किया। लोगों ने पुलिस की लैपर्ड को क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना के बाद एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान आसपास के 5-6 थानों के प्रभारी भी पहुंचे। देर रात तक स्वजन हंगामा करते रहे। हालांकि अधिकारियों को समझाने के बाद लोग शांत हो गए, लेकिन शव नहीं उठाने दिया। मौके पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए भारी फोर्स तैनात रही। भानु के चाचा का कहना है कि लैपर्ड उनके पक्ष के लोगों ने नहीं तोड़ी। खोड़ा थाना पुलिस पर आरोपितों का पक्ष लेने का आरोप लगा कहा कि भानु की मौत की सूचना उन्हें पहले ही मिल गई थी। उनके थाने पहुंचने पर आरोपित पक्ष के लोग भी भाग खड़े हुए थे और उन्हीं लोगों ने मौके पर आकर लैपर्ड में तोड़फोड़ की। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज इसकी रिपोर्ट और स्वजन की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करेंगे। स्वजन के आरोपों की भी तस्दीक की जाएगी।

chat bot
आपका साथी