सर्विस रोड पर कूड़ा डालने पहुंचीं निगम की गाड़ियां, धरना दिया

डीएलएफ कॉलोनी में सर्विस रोड पर कूड़ा डालने का मामला सोमवार को काफी गरमा गया। सोमवार सुबह कूड़ा डालने पहुंचे नगर निगम कर्मियों का स्थानीय निवासियों ने जबरदस्त विरोध किया। कूड़ा सहित गाड़ियों को वापस कर दिया। मौके पर पहुंचे नगर निगम अधिकारियों से लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। इससे गुस्साए लोगों ने भाजपा नेता हरीश कसाना की अगुवाई में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। समस्या का समाधान होने पर ही धरना समाप्त करने का एलान किया। रविवार को भी इस मसले पर लोगों ने प्रदर्शन किया था।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 May 2019 10:40 PM (IST) Updated:Mon, 20 May 2019 10:40 PM (IST)
सर्विस रोड पर कूड़ा डालने पहुंचीं निगम की गाड़ियां, धरना दिया
सर्विस रोड पर कूड़ा डालने पहुंचीं निगम की गाड़ियां, धरना दिया

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : डीएलएफ कॉलोनी में सर्विस रोड पर कूड़ा डालने का मामला सोमवार को काफी गरमा गया। सोमवार सुबह कूड़ा डालने पहुंचे नगर निगम कर्मियों का स्थानीय निवासियों ने विरोध किया। कूड़ा सहित गाड़ियों को वापस कर दिया। नगर निगम अधिकारियों से लोगों की तीखी नोकझोंक हुई। इससे गुस्साए लोगों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। समस्या का समाधान होने पर ही धरना समाप्त करने का एलान किया। रविवार को भी इस मसले पर लोगों ने प्रदर्शन किया था।

------

सफाई के बाद लोगों ने कर दी थी बैरिकेडिग : प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष हरीश कसाना ने बताया कि सर्विस रोड पर नगर निगम की गाड़ियों से कूड़ा डाला जा रहा है। यहां पर कूड़ा बीनने का भी काम होता है। इससे गंदगी फैलती है। बदबू से लोगों का जीना दूभर हो रहा है। इसकी नगर निगम में शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर रविवार को यहां कूड़ा डालने पहुंचे नगर निगम कर्मियों का विरोध किया गया। इसकी अधिकारियों से शिकायत की गई। दोपहर में नगर निगम ने सर्विस रोड की सफाई कर दी। इस पर स्थानीय निवासियों ने यहां बैरिकेडिग कर दी, ताकि कूड़ा न डाला जा सके।

------

नगर निगम ने तोड़ी बैरिकेडिग : सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्थानीय लोगों ने देखा कि नगर निगम के कर्मचारी गाड़ियों से सर्विस रोड पर कूड़ा डालने पहुंचे हैं और बैरिकेडिग तोड़ दी है। लोगों ने नगर निगम कर्मियों का विरोध किया। उनका आरोप है कि इस बीच मोहन नगर जोनल प्रभारी एसके गौतम पहुंच गए। उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी। इस पर लोग भड़क गए। लोगों ने तख्त डालकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। नगर निगम की चार गाड़ियां बिना कूड़ा डाले बैरंग लौट गईं। सूचना पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नगरायुक्त से मोबाइल पर वार्ता की। स्थानीय निवासियों, पार्षद व अधिकारियों के साथ बैठक कराकर मामले का हल निकलने को कहा।

--------

शाम पांच बजे तक धरने पर बैठे रहे लोग: हरीश कसाना ने बताया कि शाम पांच बजे तक वह स्थानीय निवासियों के साथ धरने पर बैठे रहे। मंगलवार सुबह यदि नगर निगम के कर्मचारी कूड़ा डालने आते हैं, तो विरोध किया जाएगा और धरना दिया जाएगा। जब तक यहां पर कूड़ा डालना बंद नहीं होगा, धरना जारी रहेगा। इस दौरान जगदीश प्रसाद जैन, चंद्र भूषण श्रीवास्तव, ओमवती शर्मा, अनिता सचदेवा, कांता भटनागर, अफरोज खान, विपिन, सूरज प्रकाश, योगेंद्र अरोड़ा, सोनू तंवर, बब्बल पंडित, मुकेश गोयल, सोनू, राजेश चौहान, सत्येंद्र सिघल आदि मौजूद रहे।

---------

यहां पर नगर निगम का कूड़ा कलेक्शन केंद्र है। कूड़ा नगर निगम के कलेक्शन केंद्र में डाला जाता है। वहां से हर रोज उसे उठा लिया जाता है। रविवार को भी कूड़ा उठाया गया था। कुछ लोगों ने वहां पर बैरिकेडिग कर दिया था। सरकारी जमीन पर हुए बैरिकेडिग को हटा दिया गया। - एसके गौतम, जोनल प्रभारी नगर निगम मोहन नगर।

--------

नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी जबरन सर्विस रोड पर कूड़ा डाल रहे हैं। विरोध करने पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दे रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, हर रोज धरना दिया जाएगा।

- हरीश कसाना, महानगर उपाध्यक्ष, भाजपा ओबीसी मोर्चा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी