पुलिस की मदद से जलभराव में नहाने वालों को रोकेगा निगम

जागरण संवाददाता गाजियाबाद गोशाला अंडरपास हादसे से सबक लेकर नगर निगम जलभराव वाले स्थानों

By JagranEdited By: Publish:Sun, 30 Aug 2020 08:06 PM (IST) Updated:Sun, 30 Aug 2020 08:06 PM (IST)
पुलिस की मदद से जलभराव में नहाने वालों को रोकेगा निगम
पुलिस की मदद से जलभराव में नहाने वालों को रोकेगा निगम

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : गोशाला अंडरपास हादसे से सबक लेकर नगर निगम जलभराव वाले स्थानों पर बच्चों और युवकों को नहाने से रोकने के लिए पुलिस की मदद लेगा। मेयर आशा शर्मा ने इस संबंध में नगर आयुक्त को निर्देश जारी किया है।

निगम क्षेत्र में 73 स्थानों पर बारिश में ज्यादा जलभराव होता है। इनमें से बहुत से स्थानों पर तालाब बन जाता है। वहां बच्चे और युवक नहाते हैं। ऐसे में हादसा होने का खतरा है। गोशाला अंडरपास उनमें से एक स्थान है। वहां हाल में हादसा हुआ है। पानी में डूबने से युवक की मौत हो चुकी है। इस हादसे से सबक लेते हुए नगर निगम ने तय किया है कि जलभराव वाले स्थानों पर नहाने से बच्चों और युवकों को रोका जाएगा। इसके लिए पुलिस की मदद ली जाएगी। मेयर ने नगर आयुक्त को दिए निर्देश में स्पष्ट लिखा है कि ऐसे स्थानों की सूचना पुलिस महकमे को दी जाए। उन स्थानों पर नहाने से रोकने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंप दी जाए।

----

नहीं हुई अंडरपास ही सफाई

गोशाला अंडरपास के अंदर पानी निकासी के लिए बनी नाली रविवार को भी गंदी थी। नगर निगम की टीम ने उसे साफ नहीं किया। इससे लोगों में रोष है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली को साफ कराकर अंडरपास की पानी निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करना चाहिए। स्थानीय पार्षद जाहिर सैफी ने बताया कि वह भी सफाई की मांग कर चुके हैं, लेकिन निगम अधिकारी सुनने को तैयार नहीं।

-----

अंडरपास के डिजाइन की कराएंगे जांच

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि वह गोशाला अंडरपास के डिजाइन की जांच कराएंगे। समझेंगे कि इसमें पानी निकासी की क्या व्यवस्था की गई है। फिर ठोस रणनीति बनाकर इसमें जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए कदम आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि इस काम में वक्त लगेगा।

chat bot
आपका साथी