घर सैनिटाइज करने की सर्विस देगा निगम, लेगा शुल्क

आशीष गुप्ता गाजियाबाद आप नगर निगम में फोन कर अपने घर को अंदर से सैनिटाइज कराने के ि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 Aug 2020 07:20 PM (IST) Updated:Mon, 17 Aug 2020 07:20 PM (IST)
घर सैनिटाइज करने की सर्विस देगा निगम, लेगा शुल्क
घर सैनिटाइज करने की सर्विस देगा निगम, लेगा शुल्क

आशीष गुप्ता, गाजियाबाद :

आप नगर निगम में फोन कर अपने घर को अंदर से सैनिटाइज कराने के लिए बुकिग करा सकेंगे। जल्द निगम इस सर्विस को शुरू करने जा रहा है। इसके एवज में शुल्क लिया जाएगा। निगम अधिकारियों का दावा है कि उनका सैनिटाइजेशन कार्य गुणवत्तापरक होगा। इससे कोरोना संक्रमण पास नहीं फटकेगा। बुकिग के लिए फोन नंबर जल्द जारी किया जाएगा।

अभी नगर निगम सड़कों और कंटेनमेंट जोन में घरों को बाहर से निश्शुल्क सैनिटाइज करता है। यही उनकी जिम्मेदारी है। मुफ्त में घरों को अंदर से सैनिटाइज करने का जिम्मा निगम का नहीं है। कोरोना काल में निगम के हेल्पलाइन नंबर और अफसरों के पास शहर से बहुत फोन आए और घरों को अंदर से सैनिटाइज करने की मांग करते रहे। इस पर निगम अधिकारियों ने सैनिटाइजेशन की सशुल्क सर्विस देने पर मंथन किया। पाया कि इससे निगम को आय होगी और शहर की जनता मानक अनुरूप अपना पूरा घर सैनिटाइज करा सकेगी। इस सर्विस को देने पर सहमति बन चुकी है।

पैनल पर ली जाएंगी निजी एजेंसी

इस सर्विस के लिए नगर निगम सैनिटाइजेशन कार्य करने वाली निजी एजेंसियों को पैनल पर लेगा। उसके लिए मानक तय किए जा रहे हैं। इतना होने के बाद एजेंसियों से निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। जो मानक अनुरूप सबसे कम कीमत में सैनिटाइज करने के लिए तैयार होंगी, उन्हें पैनल पर ले लिया जाएगा। उसके आधार पर ही जनता के लिए शुल्क का निर्धारण किया जाएगा। बुकिग होने पर एजेंसी को सूचित किया जाएगा। उसके कर्मचारी ही घरों को सैनिटाइज करेंगे। लोगों से भुगतान निगम लेगा और एजेंसी को देगा।

-----

सैनिटाइजर की गुणवत्ता जांची जाएगी

पैनल पर लेते वक्त एजेंसी द्वारा उपयोग किए जा रहे सैनिटाइजर की जांच की जाएगी। वह मानकों पर खरा उतरता है तो ठीक है। वरना, एजेंसी को पैनल पर नहीं लिया जाएगा। गुणवत्ता के लिए यह प्रावधान किया जा रहा है।

------- घरों को सैनिटाइज करने की सशुल्क सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। जल्द ई-निविदा के माध्यम से सैनिटाइजेशन कार्य करने वाली एजेंसियों को आमंत्रित किया जाएगा। फिर उन्हें पैनल पर लिया जाएगा। उनके जरिए बुकिग पर घरों को सैनिटाइज कराया जाएगा। सैनिटाइजर की गुणवत्ता का खास ध्यान रखा जाएगा।

- डॉ. मिथलेश कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

chat bot
आपका साथी