प्री मानसून की बारिश में ही जगह-जगह जलभराव

जासं गाजियाबाद प्री मानसून की बारिश में सोमवार के शहर विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। न

By JagranEdited By: Publish:Mon, 22 Jun 2020 09:43 PM (IST) Updated:Mon, 22 Jun 2020 09:43 PM (IST)
प्री मानसून की बारिश में ही जगह-जगह जलभराव
प्री मानसून की बारिश में ही जगह-जगह जलभराव

जासं, गाजियाबाद : प्री मानसून की बारिश में सोमवार के शहर विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। नाले ओवरफ्लो होकर बहने लगे। इससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हुई। कई इलाकों में नाले की सफाई नहीं होने के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।

रात में हुई बारिश के बाद सुबह के वक्त बजरिया, राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआइपी सोसायटी, नंदग्राम छठ मंदिर के पास व लोहियानगर समेत कई स्थानों पर जलभराव हो गया। लोहिया नगर में सड़क पर पानी भरने पर लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। सुबह के वक्त लोग पार्क में टहलने भी नहीं जा सके। पार्कों में भी पानी भरा रहा। वीवीआइपी सोसायटी के बाहर तो दो-दो फीट पानी भर गया। कई स्थानों पर जल निकासी को बहाल करने के लिए निगम की टीम को मशक्कत करनी पड़ी। प्री मानसून में ही जगह-जगह जलराव होने से नगर निगम की तैयारी की पोल खुल गई है। यह हाल मानूसन आने से पहले की बारिश का है। यदि मानसून आता है तो लोगों को भारी जलभराव की समस्या को जूझना पड़ेगा। महापौर आशा शर्मा ने बताया कि नालों की सफाई की जा रही है। बारिश के दौरान भी निगम की टीम का काम जारी रहेगा। ---

पानी भरने पर विरोध

बारिश से अवंतिका कॉलोनी में कई जगह जलभराव होने से लोग लामबंद हो गए। लोगों ने निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। अवंतिका रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को आरोप है कि नगर निगम ने लंबे वक्त से नाले और नालियों की सफाई नहीं की। इस कारण थोड़ी बारिश में कॉलोनी में पानी भर गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष हृदेश कंसल ने बताया कि निगम से कई बार नालियों की सफाई करने की मांग की गई है, उसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। यही वजह है कि जलभराव से कॉलोनी के लोगों को दिक्कत हो रही है। नगर निगम अधिकारी अब भी सक्रिय नहीं हुए तो मानसून की बारिश होने पर कॉलोनी में बुरा हाल होगा।

chat bot
आपका साथी