तेल व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये लूटे

राजकुमार ने अपने ऊपर से बाइक हटाकर आरोपितों का पीछा करने की कोशिश की लेकिन वे फरार हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Nov 2020 06:39 PM (IST) Updated:Sun, 01 Nov 2020 06:39 PM (IST)
तेल व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये लूटे
तेल व्यापारी के मुनीम से दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये लूटे

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद: सिहानी गेट क्षेत्र में तेल व्यापारी के मुनीम से बाइक सवार बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े ढाई लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान बाइक गिरने से पीड़ित घायल हो गया। उन्होंने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बदमाश तेज गति से मेरठ की ओर फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।

गांधीनगर निवासी मोहित सिघल की घूकना में सरसों के तेल, रिफाइंड व वनस्पति तेल की दुकान है। सिहानी गांव के रहने वाले 60 वर्षीय राजकुमार कंसल सालों से उनके मुनीम हैं। राजकुमार रविवार दोपहर हरवंशनगर में व्यापारियों से कलेक्शन करने गए थे। पांच से छह व्यापारियों से उन्होंने करीब ढाई लाख रुपये इकट्ठे कर बैग में रखे और पटेलनगर की ओर जाने लगे। मेरठ हाईवे से पहले पीछे से बाइक सवार दो बदमाश उनके बराबर में आए और बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर धक्का दे दिया। बैग लेकर बदमाश फरार हो गए, जबकि राजकुमार बाइक समेत गिर गए। इस कारण उनके हाथ व पैर में चोट लग गई। राजकुमार ने अपने ऊपर से बाइक हटाकर आरोपितों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। रेकी के बाद की वारदात

राजकुमार का कहना है कि बदमाश उनके पीछे लगे थे। बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की थी। एसएचओ सिहानी गेट कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मोहित सिघल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। बदमाशों को राजकुमार के आने-जाने की पूरी जानकारी थी। लूट में किसी जानकार के शामिल होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। घटनास्थल और मेरठ हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

chat bot
आपका साथी