अर्थला से चोरी बच्चा दादरी से बरामद, दंपती व दो महिलाएं हिरासत में

- तस्करी के मामले में अलीगढ़ में गिरफ्तार दुर्योधन की निशानदेही पर बरामद हुआ बच्चा - दादरी

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 11:45 PM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 11:45 PM (IST)
अर्थला से चोरी बच्चा दादरी से बरामद, दंपती व दो महिलाएं हिरासत में
अर्थला से चोरी बच्चा दादरी से बरामद, दंपती व दो महिलाएं हिरासत में

- तस्करी के मामले में अलीगढ़ में गिरफ्तार, दुर्योधन की निशानदेही पर बरामद हुआ बच्चा

- दादरी के दंपती ने डेढ़ लाख रुपये में बच्चा खरीदा था, दो महिलाओं ने किया था बिचौलिए का काम

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद :

बच्चों की तस्करी के मामले में अलीगढ़ में गिरफ्तार हुए आरोपित दुर्योधन की निशानदेही पर साहिबाबाद थाना पुलिस ने गौतमबुद्ध नगर के दादरी से दो साल के एक बच्चे को बरामद किया है। यह बच्चा बीते वर्ष दिसंबर में अर्थला स्थित हज हाउस के पास से चोरी हुआ था। बच्चे को दादरी के एक दंपती ने डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। पुलिस ने दंपती और बच्चे के बेचने में बिचौलिए का काम करने वाली दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है।

मूलरूप से कानपुर देहात के खजूरी कला निवासी संजू अर्थला स्थित हज हाउस के पास रहते हैं। उनका डेढ़ साल का बेटा अरब 23 दिसंबर 2020 की दोपहर को चोरी हो गया था। संजू ने 25 दिसंबर को साहिबाबाद थाने में अरब के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद से संजू व उनकी पत्नी अनीता बेटे की तलाश में दर - दर भटक रहे। संजू ने बताया कि अरब तीन बेटों से सबसे छोटा है। छह और चार साल के दो और बेटे हैं।

-----

चोरी के बाद बच्चे को डेढ़ लाख में बेचा था :

साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र चौबे के मुताबिक अलीगढ़ में गिरफ्तार दुर्योधन ने अर्थला से अरब को चोरी किया था। इसके बाद उसने दादरी के नि:संतान दंपती को डेढ़ लाख रुपये में बेचा था। इसमें दो महिलाओं ने बिचौलिए का काम किया था। दंपती और बिचौलिए का काम करने वाली दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ चल रही है। बता दें कि दुर्योधन ने ही हज हाउस से फरवरी में आजम नाम के बच्चे को भी चोरी कर अलीगढ़ में बेचा था।

chat bot
आपका साथी