बैरिकेड तोड़कर रैपिड रेल के लिए बनाए जा रहे पिलर में घुसा कैप्सूल

बड़ा हादसा टला -दिल्ली-मेरठ हाईवे पर बन गई जाम की स्थिति -देर शाम क्रेन की मदद से हटाय

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 10:13 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 10:13 PM (IST)
बैरिकेड तोड़कर रैपिड रेल के लिए बनाए जा रहे पिलर में घुसा कैप्सूल
बैरिकेड तोड़कर रैपिड रेल के लिए बनाए जा रहे पिलर में घुसा कैप्सूल

बड़ा हादसा टला

-दिल्ली-मेरठ हाईवे पर बन गई जाम की स्थिति

-देर शाम क्रेन की मदद से हटाया गया कैप्सूल जागरण संवाददाता, मोदीनगर : भारत गैस का कैप्सूल शनिवार दोपहर को दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कादराबाद के निकट रैपिड रेल के लिए बनाए जा रहे निर्माणाधीन पिलर में जा घुसा। कैप्सूल बैरिकेड को तोड़कर अंदर घुसा था। गनीमत रही कि उस समय वहां मजदूर नहीं थे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। देर शाम को कैप्सूल को वहां से क्रेन की मदद से हटाया गया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। उधर, मुरादनगर में पुलिस की लापरवाही से बड़ी संख्या में वाहन विपरीत दिशा में आ गए जिससे हाईवे पर जाम लग गया।

भारत गैस का कैप्सूल शनिवार दोपहर को मेरठ से गाजियाबाद की ओर आ रहा था। जब वह दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कादराबाद के निकट पहुंचा तो अनियंत्रित होकर कैप्सूल एनसीआरटीसी की लोहे की बैरिकेड को तोड़कर रैपिड रेल के लिए बनाए जा रहे पिलर में जा घुसा। गनीमत रही कि उस दौरान मजदूर वहां नहीं थे। वे खाना खाने के लिए दूसरी साइट पर गए थे। कैप्सूल की टक्कर से पिलर के सरिये मुड़ गए। इसके अलावा सैटरिग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। रैपिड रेल के निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घंटों की मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कैप्सूल को वहां से निकालकर एक तरफ कराया गया।

इस बारे में सीओ मोदीनगर सुनील कुमार सिंह का कहना है कि कैप्सूल को हटा दिया गया है। जान-माल की कोई हानि घटना में नहीं हुई है।

मुरादनगर में लगा जाम : जल्दी निकलने के चक्कर में जलालपुर कट, बस अड्डे के आसपास से बड़ी संख्या में वाहन विपरीत दिशा में आ गए जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। इसके बावजूद यातायात पुलिस ने गलत दिशा में जा रहे वाहनों की रोकथाम के लिए कोई प्रयास नहीं किया। एनसीआरटीसी के अधिकारियों के दखल पर घंटों बाद पुलिस सक्रिय हुई। इस दौरान लोगों को बड़ी दिक्कत का सामना करना पड़ा। इस बारे में यातायात निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी का कहना है कि अधीनस्थों को सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। गलत दिशा में चलने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी