हिसक बंदर ने महिला समेत 10 को काटा

जागरण संवाददाता मोदीनगर कृष्णानगर कालोनी में बंदर का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। दूसर

By JagranEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2020 06:35 PM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2020 06:35 PM (IST)
हिसक बंदर ने महिला समेत 10 को काटा
हिसक बंदर ने महिला समेत 10 को काटा

जागरण संवाददाता, मोदीनगर : कृष्णानगर कालोनी में बंदर का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। दूसरे दिन भी बंदर ने महिला, बच्चे सहित दस लोगों को अपना शिकार बनाया। फेरी लगाने वाले युवक की तो बंदर दो अंगुलियां ही मुंह में दबाकर ले गया। मामले में कालोनी के लोगों ने डीएम से मदद की गुहार लगाई है। डीएम ने एसडीएम मोदीनगर को प्रकरण में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

कृष्णानगर कालोनी में एक बंदर दो दिन पहले तक तो एकाध लोगों पर ही हमला कर रहा था, लेकिन शुक्रवार को वह खूंखार हो गया। उसने एक दिन में चार लोगों को शिकार बनाया। लोग सभासद, चेयरमैन, ईओ से अभी गुहार ही लगा रहे थे कि शनिवार को उसका रूप और खतरनाक हो गया। उसने एक ही दिन में कृष्णानगर कालोनी के हरिनारायण पाठक, विष्णु, राहुल, अंकुर, अकरम, संजय समेत 10 लोगों पर हमला करके उन्हें जख्मी कर दिया। सभी लोग अलग-अलग अस्पताल में भर्ती हैं।

सब्जी की फेरी लगाने वाले कपिल कुमार पर भी बंदर ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने खुद को बचाने के लिए बंदर को हाथों से पकड़ने की कोशिश की तो वह उनकी उंगलियों को अपने मुंह में दबाकर ले गया। उनको भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजबाला एंकलेव में एक बच्चे और महिला पर भी बंदर ने हमला कर दिया। लोगों ने किसी तरह लाठी-डंडे लेकर उसे भगाया। अब हालत यह हो गई है कि कालोनी में न तो कोई किराना, सब्जी, दूध, फल की दुकान खुल रही है, न ही कोई अपने घरों से निकलने की हिम्मत जुटा पा रहा है। छतों पर चढ़ने से भी लोग कतरा रहे हैं। एक बंदर के कारण कालोनी में क‌र्फ्यू जैसे हालात हो गए हैं।

मामले में कालोनी के आनंद पांडेय ने शनिवार को डीएम को शिकायत देकर मदद की गुहार लगाई। डीएम ने एसडीएम मोदीनगर को कड़े कदम उठाने के आदेश दिए हैं। इस बारे में एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। नगरपालिका और वन विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। लोगों को किसी भी सूरत में परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उधर, प्रशासन, नगरपालिका और वन विभाग के उदासीन रवैये को लेकर कालोनी के लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि वे लगातार इस स्थिति से अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को अवगत करा रहे हैं, लेकिन किसी भी स्तर से ऐसा कोई प्रयास अब तक नहीं किया जा रहा है जिससे लोगों को राहत मिल सके।

chat bot
आपका साथी