लाखन हत्याकांड में एडीजी से लगाई स्वजन ने गुहार

संवाद सहयोगी मोदीनगर लाखन हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज स्वजन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 09:46 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 09:46 PM (IST)
लाखन हत्याकांड में एडीजी से लगाई स्वजन ने गुहार
लाखन हत्याकांड में एडीजी से लगाई स्वजन ने गुहार

संवाद सहयोगी, मोदीनगर :

लाखन हत्याकांड में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज स्वजन ने शुक्रवार को एडीजी मेरठ जोन राजीव सभरवाल से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने भोजपुर पुलिस पर आरोपितों से साठगांठ करने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच किसी अन्य एजेंसी से कराने की मांग की। एडीजी ने उन्हें आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

ज्ञात हो कि गांव कनकपुर निवासी लाखन सिंह 17 अप्रैल की सुबह लापता हो गए थे। दोपहर में उनका शव पड़ोस के खाली पड़े एक घर में मिला था। धारदार हथियार से गले पर वार कर उनकी हत्या की गई थी। घटनास्थल से पुलिस को रस्सी, आरी व एक चाकू भी मिला था। मामले में लाखन के चाचा बलराम तोमर ने गांव के ही धमेंद्र, रिकू और आदेश समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन आरोपितों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। बीते दिनों उन्होंने थाने पर हंगामा भी किया था। उन्होंने एसएसपी से भी गुहार लगाई थी। लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई।

बलराम ने बताया कि उन्होंने एडीजी को बताया कि भोजपुर पुलिस की आरोपितों से साठगांठ है। कुछ दिन पहले पुलिस ने एक नामजद आरोपित को हिरासत में लेकर छोड़ दिया। जबकि उस व्यक्ति का लाखन की हत्या में हाथ है। वहीं, मामले में कार्यवाहक एसएचओ भोजपुर शैलेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या जैसे अपराध में जल्दबाजी सही नहीं है। तमाम बिदुओं को शामिल करते हुए जांच चल रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

------------

जान का खतरा बताया था लाखन ने - गांव के कुछ लोगों ने बताया कि 15 अप्रैल को लाखन का गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था, जिसके बाद लाखन ने पुलिस को सूचना दी। खुद को उन लोगों ने जान का खतरा भी बताया। लेकिन, आरोपितों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते पुलिस मामले में कार्रवाई करती तो शायद आज लाखन जिंदा होता।

chat bot
आपका साथी