36 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी,सक्रिय मरीज 929

जागरण संवाददाता गाजियाबाद सोमवार को 36 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। अब तक

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 07:38 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 07:38 PM (IST)
36 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी,सक्रिय मरीज 929
36 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी,सक्रिय मरीज 929

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : सोमवार को 36 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। अब तक कुल 4285 लोग ठीक हो गए है। सक्रिय मरीज 929 रह गए हैं। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि सोमवार को कुल 85 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें निजी लैबों के अलावा सरकारी लैबों की जांच रिपोर्ट भी शामिल हैं। संक्रमित आने वालों को राजेंद्र नगर, दिव्य ज्योति मोदीनगर और संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संतोष अस्पताल में भी कुछ संक्रमितों को भर्ती कराया गया है। नए संक्रमितों में से करीब 12 लोग पहले से ही निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। इनके संपर्क में आने वालों की सूची बनाते हुए होम क्वारंटाइन और जांच की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा 13 लोग को होम आइसोलेशन की अनुमति दी गई है।

----

दो की हुई मौत

कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से पिछले 24 घंटे में दो लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। कैला देहात के रहने वाले 78 वर्षीय बुजुर्ग की निजी अस्पताल में मौत हो गई है। इसके अलावा कौशांबी के रहने वाले एक बुजुर्ग की नेहरू नगर स्थित निजी अस्पताल में मौत हो गई है। लेकिन इनकी पुष्टि नहीं की गई है। सीएमओ डॉ. एन के गुप्ता का कहना है कि अब तक जिले में 64 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इनमें से अधिकांश पहले से ही किसी न किसी गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। संक्रमित होने पर इनकी हालत खराब हो गई। मौतों का ऑडिट कराया जा रहा है।

----

कांग्रेस के पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल को सर गंगाराम अस्पताल में में कराया भर्ती

भाजपा के नगर विधायक एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल को तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया है। भाजपा के मीडिया प्रभारी नीरज गोयल ने बताया कि पूर्व सांसद सुरेंद्र प्रकाश गोयल संक्रमित होने के बाद निजी अस्पताल में भर्ती हुए थे, जहां उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई जिसको लेकर उन्हें दिल्ली सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। बिगड़ती तबीयत को लेकर सुरेंद्र प्रकाश गोयल के पुत्र शुशांत गोयल ने स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग से बात की। अतुल गर्ग ने तुरंत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन से इस विषय को लेकर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। डॉ. हर्षवर्धन ने तुरंत सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों के पैनल से बात करके सुरेंद्र प्रकाश गोयल की स्वास्थ्य जानकारी ली। डॉ. हर्षवर्धन ने सुशांत गोयल व अतुल गर्ग को फोन करके बताया कि सुरेंद्र प्रकाश गोयल इस समय वेंटिलेटर पर हैं। जल्द ही वेंटिलेटर हटा दिया जाएगा तथा तीन-चार दिन में उनकी स्थिति सामान्य हो जाएगी, जल्दी ही वह स्वस्थ होकर अपने घर आ जाएंगे।

chat bot
आपका साथी