पूरी हो गई गांव की सरकार, सदस्य चुनाव के बाद ली शपथ

303 ग्राम पंचायतों में नहीं हो पाया था कोरम पूरा वर्चुअल हुई शपथ खंड विकास अधिकारियों ने दिलाई शपथ आज भी होगा कार्यक्रम।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 06:41 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 06:41 AM (IST)
पूरी हो गई गांव की सरकार, सदस्य चुनाव के बाद ली शपथ
पूरी हो गई गांव की सरकार, सदस्य चुनाव के बाद ली शपथ

जागरण टीम फीरोजाबाद: ग्राम पंचायत सदस्य न चुने जाने से आधी अधूरी रह गई गांव की सरकार अब पूरी होने लगी है। सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को दो सौ से ज्यादा ग्राम पंचायतों के प्रधान और सदस्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुए। खंड विकास अधिकारियों ने वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई। वहीं शेष रह गई ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम शनिवार को होगा।

26 अप्रैल को पंचायत चुनाव में हुए मतदान के बाद दो मई को सभी 563 ग्राम पंचायतों के प्रधान की घोषणा हुई थी। इसके बाद 26 मई को 260 ग्राम पंचायतों में प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई गई। शेष 303 ग्राम पंचायतों में सदस्य न चुने जाने के चलते शपथ नहीं हो सकी थी। 17 जून को सदस्यों के उपचुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होन के बाद शपथ ग्रहण कार्यक्रम तय हुए। जिले के सभी नौ ब्लाक में से नारखी ब्लाक में तहसीलदार और बाकी आठ ब्लाक में खंड विकास अधिकारियों ने शपथ दिलाई। टूंडला बीडीओ नरेश कुमार ने नगला पुनू, पहाड़ीपुर भौड़ेला, कुतुकपुर जारखी, लतीफपुर, भैंसा बृजपुर, गढ़ी हर्राय, भीकनपुर-बझेरा, ऐलई, छितरई, सिरौलिया, मुहम्मदपुर, शिवसिंहपुर, शेखुपुर-राजमल, जारखी, गढ़ी निर्भय, बनकट व हजरतपुर के प्रधान व सदस्यों ने शपथ ली। वहीं जसराना में बीडीओ रजत कुशवाहा ने 19 ग्राम प्रधानों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई। वहीं एका में प्रभारी बीडीओ जिला कृषि अधिकारी रविकांत सिंह ने 15 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई।

-----

चार स्लाट में हुई शपथ, मोबाइल पर सुनकर दोहराई

वर्चुअल तरीके से शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए चार स्लाट बनाए गए थे। सुबह 11 बजे, दोपहर एक बजे, दोपहर तीन बजे और शाम पांच बजे का समय तय किया गया था। ग्राम पंचायत सचिवों को चार-चार ग्राम पंचायतों की जिम्मेवारी सौंपी गई थी। ब्लाक मुख्यालय पर बैठे खंड विकास अधिकारी लैपटाप और कंप्यूटर के माध्यम से सचिवों के मोबाइल से जुड़े। प्रधानों ने मोबाइल देखकर शपथ दोहराई।

----

वर्चुअल के बाद भी कोरोना के नियम टूटे

कोरोना की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए इस बार ग्राम प्रधानों को वर्चुअल तरीके से शपथ दिलाई जा रही है। इसके बावजूद कोरोना की गाइडलाइन का पालन नहीं हो पाया। एका ब्लाक की ग्राम पंचायतों में शपथ लेने के लिए जुटे प्रधान और पंचायत सदस्य मास्क नहीं लगाए थे। कई जगह सचिव में बिना मास्क के शपथ दिलाते दिखे। अन्य कई ग्राम पंचायतों में यही स्थिति रही।

---

पार्षद बेटे ने मजदूर पिता को बनवा दिया प्रधान

नगर निगम के सबसे युवा पार्षद मनोज शंखवार ने मेहनत कर पिता को गांव का प्रधान बनवा दिया। शपथ ग्रहण में पिता पुत्र की जोड़ी की ग्रामवासियों ने प्रशंसा की। चूड़ी कारखाने में मजदूरी करने वाले राजन सिंह शंखवार ने बेटे मनोज को पढ़ा लिखाकर योग्य बनाया। 22 साल की उम्र में मनोज वार्ड 12 के पार्षद चुने गए। इसके बाद मनोज ने अपने पिता को ग्राम पंचायत रानीपुर से प्रधान का चुनाव लड़ने के लिए राजी किया। इसके बाद चुनाव में मेहनत कर लोगों का भरोसा जीता। नौ प्रत्याशियों के बीच 150 वोट से पिता को जीत दिलवा दी। ग्राम पंचायत सदस्य न चुने जाने के कारण 303 ग्राम पंचायतों में शपथ नहीं हो पाई थी। वर्चुअल कार्यक्रम के चलते सभी को एक साथ शपथ नहीं दिलाई जा सकी। शुक्रवार को 200 पंचायतों में शपथ दिलाई गई। शेष को कल शपथ दिलाई जाएगी।

नीरज सिन्हा, डीपीआरओ

chat bot
आपका साथी