विधायक ने रुकवाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

बीच बाजार बोले विधायक अभियान से पहले एसडीएम ने मुझे नहीं भेजा पत्र? व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं अधिकारी बैरंग लौटी अधिकारियों की टीम।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 06:52 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 06:52 AM (IST)
विधायक ने रुकवाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
विधायक ने रुकवाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

संवाद सहयोगी, टूंडला: तीन दिन से प्रशासन की नगर में अतिक्रमण विरोधी अभियान की कवायद पहले ही दिन विधायक ने ढेर कर दी। अभियान शुरू होने के घंटे भर बाद पहुंचे भाजपा विधायक ने अभियान का कड़ा विरोध करते हुए प्रशासन पर व्यापारियों के उत्पीड़न के आरोप लगाए। इसके साथ यह कहकर अभियान रुकवा दिया कि एसडीएम ने उन्हें अभियान शुरू करने से पहले पत्र क्यों नहीं भेजा? लगभग आधा घंटे तक चले विधायक के विरोध के बाद अधिकारी बैरंग लौट गए।

प्रशासन द्वारा तीन दिन से अभियान की तैयारियां की जा रही थी। व्यापारियों के साथ बैठकर सहमति बनाई थी और सहयोग से नगर को सुंदर बनाने का संकल्प लिया था। एसडीएम बुशरा बानो द्वारा बनाई गई योजना को लेकर व्यापारियों का एक गुट असंतुष्ट था। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे तहसील से अभियान की शुरूआत की गई। एसडीएम बुशरा बानो के नेतृत्व में शुरू हुए अभियान में सीओ अभिषेक श्रीवास्तव एवं ईओ मुकेश कुमार भी अपनी टीम के साथ में थे। एसडीएम ने दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। जिन दुकानदारों ने अपने टिनशैड नहीं हटाए थे, उन्हें नगर पालिका की टीम ने तुड़वा दिया। कुछ अतिक्रमणकारियों ने इसका विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन फोर्स को देख कर शांत रहे। 12 बजे करीब दर्जनों समर्थकों संग विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर पहुंचे और अधिकारियों को आड़े हाथ लेते हुए अभियान को रोकने का फरमान सुना दिया। विधायक ने मीडिया से कहा कि एसडीएम ने उन्हें पहले लिखित जानकारी नहीं दी थी। मैं जनप्रतिनिधि हूं। लोगों ने मुझे चुना है। इसलिए किसी तरह का उत्पीड़न नहीं होने दूंगा। टीम और अधिकारी आधा घंटे तक खड़े रहे और फिर वापस लौट गए। इसके बाद विधायक के साथ आए व्यापारियों ने उनका स्वागत किया।

बिना मास्क लगाए पहुंचे विधायक और समर्थक:

अतिक्रमण अभियान के दौरान भीड़भाड़ थी। भाजपा विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर बिना मास्क लगाए पहुंचे और अधिकारियों से बातें करते रहे। उनके साथ वाले लोग भी बिना मास्क के थे। जबकि अधिकारी और कर्मचारी मास्क लगाए हुए थे। मास्क न लगाने के जागरण के प्रश्न पर विधायक का कहना था कि जल्दबाजी में मास्क भूल गए थे।

नाले की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा था, ताकि बरसात में जलभराव न हो। टूंडला विधायक अभियान के दौरान पहुंचे थे। उन्होंने पहले से सूचना न देने की बात करते हुए अभियान को बंद करा दिया। अब हम सभी को सूचित करते हुए फिर से अभियान चलाएंगे।'

-बुशरा बानो

उपजिलाधिकारी, टूंडला व्यापारियों ने हमें उत्पीड़न की सूचना दी थी। अभियान के नाम पर टिनशेड हटाए जा रहे थे, यह व्यापारियों का शोषण है। एसडीएम अगर हमें पहले लिखित में सूचना देतीं तो हम व्यापारियों से बात करते। प्रशासन की इस तरह की उत्पीड़नात्मक कार्रवाई हम नहीं होने देंगे।'

-प्रेमपाल सिंह धनगर

विधायक, टूंडला

chat bot
आपका साथी