रात भर होती रही फरार बंदी की तलाश

- गिरफ्तार आरक्षी को कोर्ट से मिली जमानत कोर्ट में पेशी कर लौटते में भागा था बंदी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 06:03 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 06:03 AM (IST)
रात भर होती रही फरार बंदी की तलाश
रात भर होती रही फरार बंदी की तलाश

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: गुरुवार तीसरे पहर कोर्ट में पेशी करके लौटते समय आरक्षी का मोबाइल लेकर भागे हिस्ट्रीशीटर बंदी का अब तक पता नहीं चला है। गुरुवार पूरी रात उसकी तलाश में पुलिस चेकिग अभियान चलाती रही। वहीं बंदी के फरार होने के मामले में निलंबित कर गिरफ्तार किए गए आरक्षी को सीजेएम कोर्ट से शुक्रवार को जमानत मिल गई।

नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव मढ़ैया चंद्रहंस निवासी ऋषिपाल यादव (30) को पिछले साल सितंबर में पत्नी की हत्या के मामले में 26 सितंबर को अस्थाई जेल भेजा गया था। इसके 14 दिन बाद उसे जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। तब से वह जेल में था। गुरुवार सुबह उसे कोर्ट में पेश किया गया था। पेशी से हवालात की तरफ लौटते समय वह पुलिस लाइन के आरक्षी महावीर प्रसाद का मोबाइल मांगकर किसी से बात करने लगा। आरक्षी उसे मोबाइल देकर साथ-साथ चल रहा था। इसी बीच आरक्षी का ध्यान हटा और ऋषिपाल गायब हो गया था। एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने आरक्षी को निलंबित कर दिया था। मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद मटसेना पुलिस ने आरक्षी को गिरफ्तार कर लिया था। इस बीच बंदी की तलाश में रात भर पुलिस चेकिग अभियान चलाती रही। एसओजी, सर्विलांस और मटसेना व नगला खंगर पुलिस की चार टीमें उसकी तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देती रहीं, लेकिन सुराग नहीं लगा। इस बीच दोपहर में आरक्षी को कोर्ट में पेश किया गया। इंस्पेक्टर मटसेना विनय कुमार मिश्र ने बताया कि आरक्षी को जमानत मिल गई है। बंदी की तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी