पंचायत चुनाव: रात 11 बजे तक बंटे जिपं प्रत्याशियों के प्रमाण पत्र

कलक्ट्रेट परिसर और उसके बाहर जुट रहे समर्थक शाम के बाद बदले वार्ड 19 और 24 के परिणाम।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 06:02 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 06:02 AM (IST)
पंचायत चुनाव: रात 11 बजे तक बंटे जिपं प्रत्याशियों के प्रमाण पत्र
पंचायत चुनाव: रात 11 बजे तक बंटे जिपं प्रत्याशियों के प्रमाण पत्र

जासं, फीरोजाबाद: मतगणना खत्म होने के बाद जिला पंचायत सदस्य के कई प्रत्याशियों को जीत हार की अधिकृत जानकारी और प्रमाण पत्र लेने के लिए 26 घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा। कलक्ट्रेट स्थित आरओ कक्ष में रात 11 बजे के बाद तक प्रमाण पत्र बांटे गए। इस दौरान समर्थकों की भीड़ जुटी रही।

ब्लाक के आरओ और एआरओ की लापरवाही जिपं का परिणाम देर से घोषित होने की वजह बनी। कहीं मतगणना के आंकड़ों में गलती थी तो कहीं वार्डवार बनाए गए परिणाम पर आरओ के हस्ताक्षर नहीं थे। इसको लेकर मंगलवार को पूरे दिन गहमा गहमी रही। सही से गणना होने के बाद कई वार्डो के परिणाम भी बदल गए। वार्ड नंबर 19 पर पहले सपा समर्थित प्रत्याशी के जीत की चर्चा थी। वार्ड 24 पर सोमवार की रात एक प्रत्याशी ने अपनी जीत का दावा किया था, लेकिन मंगलवार रात दोनों वार्डो पर दूसरे प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए। जिला पंचायत के आरओ जितेंद्र सिंह द्वारा देर रात तक प्रमाण पत्र दिए जाते रहे। सबसे आखिरी में वार्ड एक और 24 के विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र मिले। इस दौरान एआरओ विनय कुमार यादव भी उपस्थित रहे।

- सपा की रिकी को मिले सबसे ज्यादा वोट:

33 वार्डो पर विजयी प्रत्याशियों में सर्वाधिक 22 हजार 559 वोट कक्षा आठवीं पास रिकी यादव को मिले हैं। वह वार्ड नंबर 11 से सपा समर्थित प्रत्याशी थीं। उनके वार्ड पर कुल 82.30 फीसद मतदान हुआ। इसमें से 68.63 फीसद वोट उन्हें मिले हैं। अन्य कोई विजयी प्रत्याशी उनके आसपास भी नहीं टिकता। दूसरे नंबर पर वार्ड नंबर 29 से सिरसागंज विधायक हरिओम यादव की पत्नी और पूर्व जिपं अध्यक्ष रामसखी यादव रहीं। उन्हें 15 हजार 819 वोट मिले हैं। वहीं उनके बेटे और पूर्व जिपं अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह को 15 हजार तीन वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे। सबसे कम तीन हजार 557 वोट वार्ड नंबर 16 के विजयी प्रत्याशी राधेश्याम को मिले हैं।

chat bot
आपका साथी