मैया के दरबार में मांगा सुख समृद्धि का वरदान

शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने एक साथ मनाई सप्तमी और अष्टमी विधि विधान से हुई कालरात्रि और माता महागौरी की पूजा - राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर वैष्णो देवी धाम पर रही भीड़ संवाद सहयोगी फीरोजाबाद शुक्रवार को नवदुर्गा महोत्सव के सातवें दिन सप्तमी और अष्टमी एक साथ

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 06:01 AM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 06:03 AM (IST)
मैया के दरबार में मांगा सुख समृद्धि का वरदान
मैया के दरबार में मांगा सुख समृद्धि का वरदान

फीरोजाबाद, जासं: शुक्रवार को नवदुर्गा महोत्सव के सातवें दिन सप्तमी और अष्टमी एक साथ मनाई गई। श्रद्धालुओं ने आदिशक्ति के स्वरूप कालरात्रि और महागौरी की भक्तिभाव से पूजा अर्चना की। श्रद्धालुओं ने मंदिर और घरों में सजाए गए माता रानी के दरबार में माथा टेका और प्रसाद चढ़ाकर सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर और घर-आंगन गूंजते रहे।

सुबह पांच बजते ही श्रद्धालु कालरात्रि माता और महागौरी के पूजन की तैयारी में जुट गए। स्नान आदि से निवृत होकर श्रद्धालुओं ने घरों में विराजमान माता रानी के दरबार में पूजा-अर्चना की। माता रानी को चंदन, रोली, हल्दी, सिंदूर, पुष्पहार, सुगंधित द्रव्य और मिष्ठान सहित पान अर्पित किए। इसके बाद मंत्र का जाप करते हुए पुष्प चढ़ाए। माता की कथा सुनने के बाद धूप और दीपक से आरती करने के बाद कन्याओं को प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के कदम देवी मंदिरों की ओर बढ़ चले।

नगर के प्रमुख राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर पर बड़ी तादाद में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। सुबह 11 बजे भोग के समय श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर के अंदर वर्जित कर दिया। जिसके कारण गेट के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। आधा घंटे बाद फिर पट खुले तब श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए। उसायनी स्थित वैष्णो देवी धाम पर भी दोपहर एक बजे तक पूजन करने का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने मैया का पूजन कर दर्शन किए। इसके बाद परिसर में माता के भजनों पर जमकर नृत्य किया। इसके साथ ही सुहाग नगर स्थित सीयर देवी मंदिर, पथवारी माता मंदिर, कोटला रोड स्थित मां दुर्गा मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों पर भी श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे। शाम को भी श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए। आज घर-घर होगा कन्या पूजन

शनिवार को शारदीय नवरात्र की नवमी मनाई जाएगी। इस दौरान घर-घर और मंदिरों पर मैया का पूजन करने के बाद कन्याओं का पूजन होगा। उन्हें लाल चुनरी सहित अन्य सामग्री उपहार में बांटी जाएंगी।

chat bot
आपका साथी