खेत की रखवाली करने गए युवक की गला रेत कर हत्या

सिर पर भी चोट के निशान फोरेंसिक टीम ने एकत्र किए साक्ष्य बड़े भाई की सोमवार को थी गोद भराई रस्म मौके पर मिला मोबाइल।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 06:48 AM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 06:48 AM (IST)
खेत की रखवाली करने गए युवक की गला रेत कर हत्या
खेत की रखवाली करने गए युवक की गला रेत कर हत्या

संवाद सहयोगी एका (फीरोजाबाद): रविवार रात खेत की रखवाली करने गए नगला गोकुल निवासी युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह खेत पर जमीन में रक्त रंजिश शव मिला। इसकी खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक के सिर पर भी चोट के निशान थे। एसएसपी ने फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचकर घटना की जांच की। मृतक के बड़े भाई की सोमवार को सगाई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

25 वर्षीय राजकुमार राजौरिया मुम्बई में हलवाई का काम करता था। पिछले साल लाकडाउन में घर लौटने के बाद से भाइयों के साथ खेती संभालता था। सोमवार को राजकुमार के बड़े भाई पुष्पेंद्र की सगाई का कार्यक्रम था, इसलिए घर में तैयारियां चल रही थी। रविवार सुबह से तैयारियां करवाने के बाद शाम पांच बजे राजकुमार नहर की पटरी के किनारे खेत की रखवाली करने गया था। रात 10 बजे तक खाना खाने घर नहीं लौटने पर राजकुमार की मां कमलेश खेत पर पहुंचीं तो राजकुमार मचान पर नहीं मिला। इसके बाद वह घर लौट आईं। सोमवार सुबह चार बजे कमलेश कुमारी अपने सबसे छोटे बेटे अमित कुमार और कुछ ग्रामीणों के साथ खेत पर पहुंचीं तो मेड़ के किनारे राजकुमार का शव पड़ा था। हत्यारों ने बेरहमी से उसका गला रेता था और सिर पर भी प्रहार किए थे। सूचना पर सीओ जसराना कमलेश कुमार व थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ वारदात स्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद एसएसपी अशोक कुमार शुक्ला और एसपी ग्रामीण डा. अखिलेश नारायण सिंह भी पहुंच गए और मृतक के स्वजन से मामले की जानकारी ली। डाग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए। शव मिले स्थान से कुछ दूरी पर खुरपी मिली है, लेकिन उस पर खून के निशान नहीं थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। एसएसपी ने बताया कि राजकुमार का मोबाइल मौके पर मिला है। मोबाइल का लाक खुलवाकर जांच की जा रही है। हत्यारे जल्द पकड़े जाएंगे। - बड़े के बाहर रहने के कारण गया था खेत पर

राजकुमार का बड़ा भाई पुष्पेंद्र खेत की रखवाली करने जाता था। रविवार को पुष्पेंद्र अपनी सगाई का न्यौता देने के लिए बहन के घर गया था। उसके नहीं लौटने पर राजकुमार खेत पर चला गया था। - शाम साढ़े छह बजे गांव के लड़के के हाथ भेजी थी तोरई: भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि राजकुमार अक्सर बीमार रहता था। इसलिए वह हरी सब्जियां खाना पसंद करता था। रविवार शाम साढ़े छह बजे उसने खेत से तोरई तोड़कर एक लड़के के हाथ से घर भेजी थी। इसके बाद रात दस बजे जब मां खेत पर गई तो राजकुमार नहीं मिला। माना जा रहा है कि शाम ढलने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

chat bot
आपका साथी