लेबर कॉलोनी, नगला विष्णु, श्याम नगर, जोशियान नए कंटेनमेंट जोन

लेबर कॉलोनी नगला विष्णु श्याम नगर जोशियान नए कंटेनमेंट जोन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:57 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 06:08 AM (IST)
लेबर कॉलोनी, नगला विष्णु, श्याम नगर, जोशियान नए कंटेनमेंट जोन
लेबर कॉलोनी, नगला विष्णु, श्याम नगर, जोशियान नए कंटेनमेंट जोन

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: कोरोना संक्रमण के बढ़ते कदमों ने शहर में चार और इलाकों को सील करा दिया है। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद लेबर कॉलोनी, नगला विष्णु, रामनगर और मुहल्ला जोशियान को कंटेनमेंट जोन में शामिल कर लिया गया है।इसके साथ ही यहां बाजार पूरी तरह बंद करा दिए गए हैं, केवल होम डिलीवरी से ही सामान मंगाने की छूट है।

लाइनपार क्षेत्र की लेबर कॉलोनी लॉकडाउन-1 से लेकर लॉकडाउन-4 तक कोरोना संक्रमण से अछूती रही, लेकिन अनलॉक-1 के बाद कोरोना के पैर यहां तक पहुंच गए। दो और तीन जून को यहां रहने वाले दो स्वास्थ्यकर्मी पॉजिटिव पाए गए। वहीं चार जून को एक गर्भवती महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इलाके में खलबली मच गई है। इसके बाद लाइनपार पुलिस ने गुरुवार सुबह ही पूरा बाजार बंद करा दिया। सब्जी और फल के ठेल भी नहीं लगने दिए जा रहे हैं। इससे कॉलोनीवासियों के साथ ही बेस्ट ग्लास और दतौजी के लोगों को भी परेशानी हो रही है।

प्रशासन ने लाइनपार क्षेत्र के रामनगर,ओम नगर और महताब नगर पहले ही कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिए थे। अब नगला विष्णु और श्याम नगर को भी इसमें शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही लाइनपार क्षेत्र का बहुत बड़ा हिस्सा सील हो गया है। सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज ने बताया कि इन मुहल्लों के साथ ही थाना दक्षिण क्षेत्र के मुहल्ला जोशियान को भी कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है। इन सभी इलाकों में जरूरी सामान की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी से होगी। लेबर कॉलोनी में जिनके पास होम डिलीवरी की अनुमति है यदि वे बंद हैं तो उन्हें खुलवा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी