सब्जी मंडी में बंट रही बीमारी, लगे गंदगी के अंबार

- मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था चौपट हर रोज जल रहा कूड़ा गंदगी के ढेर के बीच सब्जियां भेजने को मजबूर हो रहे किसान

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 06:03 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 06:03 AM (IST)
सब्जी मंडी में बंट रही बीमारी, लगे गंदगी के अंबार
सब्जी मंडी में बंट रही बीमारी, लगे गंदगी के अंबार

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद: सरकार भले ही स्वच्छता पर विशेष जोर दे रही है। यहां तो सब्जी मंडियों में गंदगी के ढेर लोगों को बीमारियां बांट रहे है। मंडी परिसर में जलभराव से डेंगू के मच्छर पनप रहे हैं, जिससे मंडी में आने वाले किसानों के साथ सब्जी व अनाज खरीदने आने वाले लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।

कोटला रोड स्थित नवीन मंडी स्थल में मुख्य गेट पर जगह-जगह गंदगी बिखरी हुई थी। मंडी में अंदर प्रवेश करने पर कई जगह गंदगी के ढेर नजर आए। यहां गंदगी के ढेर पर आवारा जानवर विचरण कर रहे थे। गंदगी के ढेर से तेज दुर्गध उठ रही थी, जिससे वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। मंडी परिसर में दो जगह जलभराव हो रहा था, जिसमें मच्छर पनप रहे थे। मंडी के आखिर में बाउंड्रीवाल के सहारे कूड़ा जल रहा था। पूरे परिसर में निर्माण कार्य के चलते जगह-जगह निर्माण सामग्री बिखरी हुई थी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

कोटला रोड स्थित पुलिस चौकी के निकट सब्जी मंडी से नगर निगम कर्मचारी कूड़ा उठाते नजर आए। घंटाघर स्थित सब्जी मंडी में भी जगह-जगह गंदगी के ढेर नजर आए। थाना दक्षिण के पीछे डलाबघर से तेज दुर्गध उठ रही थी, जिससे आसपास व्यापारी परेशान दिखे।

----

नवीन मंडी में सफाई व्यवस्था पर एक नजर

500 - से अधिक किसान मंडी में हर रोज पहुंचते हैं

70 - हजार सफाई व्यवस्था पर प्रति माह हो रहा खर्च

छह - कर्मचारियों के जिम्मे सफाई व्यवस्था

दो - ट्रैक्टरों से होता है कूड़े का उठान

-----

- मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। हर रोज गंदगी के ढेर के पास बैठकर सब्जियां बेचने को मजबूर हैं। गंदगी के संबंध में कई बार शिकायत कर चुके हैं।

- कुलदीप - मंडी में गंदगी व जलभराव होने के कारण अब तक कई किसान व अनाज बेचने वाले व्यापारी बीमारियों की चपेट में आ चुके हैं। फिर भी सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं है।

- शिवम - मंडी में सफाई कर्मचारी कार्य में काफी लापरवाही बरत रहे हैं। वह आए दिन कूड़े में आग लगा देते हैं, जिससे घंटों धुआं उठता रहता है।

- शिशुपाल सिंह -मंडी में तैनात अधिकारियों द्वारा सफाई व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ठेकेदार की मनमानी के कारण परिसर में गंदगी रहती है।

- मोहित

chat bot
आपका साथी