खोखले निकले भाजपा के वादे, झूठ बोल रही सरकार

चेतना यात्रा लेकर आए सपा के वरिष्ठ नेताओं ने लगाए आरोप पूर्व मंत्री और प्रदेश सचिव ने जिला कार्यालय पर की प्रेसवार्ता।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 06:02 AM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 06:02 AM (IST)
खोखले निकले भाजपा के वादे, झूठ बोल रही सरकार
खोखले निकले भाजपा के वादे, झूठ बोल रही सरकार

जासं, फिरोजाबाद: जन संवाद चेतना यात्रा लेकर आए पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा और सपा के प्रदेश सचिव जुगल किशोर ने बुधवार को भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के भी वादे झूठे निकले। सरकार लगातार झूठ बोल रही है।

सिविल लाइन स्थित सपा के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री ने कहा कि इस यात्रा के जरिए अपनों के बीच में जाकर उन्हें सचेत कर रहे हैं। प्रदेश में न सरकार कुछ कर रही है न पुलिस सुनती है। उन्नाव में विश्वकर्मा समाज की बेटी को जिंदा जला दिया गया, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिला। परिवार के एक सदस्य को सरकार ने नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन उसकी बहन अब तक चक्कर लगा रही है। जब अपराधी जेल में हैं या प्रदेश से बाहर हैं तो हत्याएं और बलात्कार कैसे हो रहे हैं।

वाल्मीकि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सपा के प्रदेश सचिव जुगल किशोर वाल्मीकि ने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज है। सरकार ने पांच साल में सफाईकर्मियों का वेतन और मानदेय पांच रुपये नहीं बढ़ाया है। भाजपा का चेहरा चुनाव के समय दूसरा और बाद में दूसरा दिखाई देता है। इससे समाज को सचेत रहने की जरूरत है। आगरा में एससी वर्ग के युवक की थाने में हत्या हुई। हाथरस में पीड़िता को अब तक न्याय नहीं मिला।

वार्ता में जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र चंचल, पूर्व विधायक अजीम भाई, पूर्व एमएलसी असीम यादव, डा. संजय यादव, शिवप्रताप सिंह, डा. विजय आर्या, गुड्डू यादव, राजू वाल्मीकि आदि उपस्थित थे।

-----

सपा ही वाल्मीकि समाज की सच्ची हितैषी

संवाद सहयोगी, शिकोहाबाद: वाल्मीकि समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश में निकाली जा रही चेतना सम्मान रैली बुधवार सुबह शहर में आई। इसका नेतृत्व कर रहे पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा और सपा के प्रदेश सचिव जुगल किशोर का कटरा मीरा के वाल्मीकि मुहल्ले में जोरदार स्वागत हुआ। एक सभा का भी आयोजन किया गया।

सभा में प्रदेश सचिव ने कहा कि वाल्मीकि समाज का जितना सम्मान सपा सरकार में हुआ उतना किसी सरकार में नहीं हुआ। सपा सरकार में सफाईकर्मियों का वेतन तीन हजार से 14 हजार रुपये किया गया। भाजपा सरकार में वाल्मीकि जयंती की छुट्टी खत्म कर दी गई। सभा की अध्यक्षता करते हुए डा. संजय यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने एससी वर्ग पर बहुत अत्याचार किए हैं। हाथरस में वाल्मीकि समाज की बेटी के साथ जो हुआ उसे भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान डालर वाल्मीकि, राम अवतार, योगेश, अरुण, रवि, अमन, निक्की, युवराज, राजकुमार, संजीव आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी