चूड़ी कारखानों में श्रमिकों का हंगामा, पथराव

दो कारखानों में रेट बढ़ोतरी को लेकर श्रमिकों ने की हड़ताल रेलवे लाइन से किया पथराव पुलिस पहुंचने से पहले ही भागे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Jun 2021 06:58 AM (IST) Updated:Tue, 22 Jun 2021 06:58 AM (IST)
चूड़ी कारखानों में श्रमिकों का हंगामा, पथराव
चूड़ी कारखानों में श्रमिकों का हंगामा, पथराव

संवाद सहयोगी, मक्खनपुर: कस्बा के दो चूड़ी कारखानों में सोमवार को रेट बढ़ोतरी की मांग पर श्रमिकों ने अचानक कामबंद हड़ताल का एलान कर दिया। उन्होंने काम बंद कराने के साथ जमकर हंगामा और नारेबाजी की। वहीं एक कारखाने में रेलवे लाइन से पथराव भी किया गया, जिससे सेवायोजकों में खलबली मची रही।

कस्बा स्थित डीएन ग्लास व एमपी सिल ग्लास में सुबह पांच बजे ड्यूटी लगी थी। कारखानों में करीब आठ बजे तक काम चला। उसके बाद कुछ श्रमिकों ने सेवायोजकों द्वारा रेट बढ़ोतरी न करने पर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने काम बंद कराने के साथ हंगामा, नारेबाजी शुरू कर दी। श्रमिकों का कहना था कि सेवायोजकों द्वारा दो साल से कोई रेट बढ़ोतरी नहीं की गई है। जबकि आठ घंटे की जगह साढ़े नौ घंटे काम कराया जा रहा है। श्रमिकों की मांग थी कि 50 रुपये मजदूरी में तत्काल बढ़ोतरी की जाए। उसके बाद ही काम पर वापस लौटेंगे। इस दौरान फैक्ट्री में उपस्थित मैनेजर द्वारा श्रमिकों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन श्रमिक बिना रेट बढ़ोतरी के वापस लौटने को तैयार नहीं हुए। रेट बढ़ोतरी को लेकर श्रमिक हंगामा करते हुए कारखाने से बाहर निकल गए। इसी दौरान एमपीसिल कारखाने में कुछ श्रमिकों ने रेलवे लाइन से पथराव भी किया। सेवायोजकों की सूचना पर पुलिस जब तक रेलवे लाइन के सहारे पहुंची, उससे पहले ही श्रमिक भाग गए। मौके पर संतोष कुमार, श्रीकृष्ण, ऊदल सिंह, फिरोज खान, मुन्नालाल, ईश्वर दयाल, राजकुमार, कौशल किशोर,अजीत कुमार, नेमीचंद्र आदि उपस्थित रहे। -कारखाने में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ड्यूटी के समय हंगामा किया तथा पत्थर भी फेंके। श्रमिकों की छह महीने पहले ही रेट बढ़ोतरी की गई है। अब श्रमिक दोबारा रेट बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं, जबकि किसी कारखाने द्वारा रेट बढ़ोतरी नहीं की गई है।

- अमित बंसल, सेवायोजक

chat bot
आपका साथी