बारिश बनी आफत, राहत कार्यो पर फिरा पानी

सर्विस रोड के साथ खाली प्लाटों में जलभराव ने बढ़ाई मुश्किल डेंगू व वायरल प्रभावित बस्तियों में शाम तक दौड़ते रहे अधिकारी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 06:26 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 06:26 AM (IST)
बारिश बनी आफत, राहत कार्यो पर फिरा पानी
बारिश बनी आफत, राहत कार्यो पर फिरा पानी

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: डेंगू व वायरल के कहर के बीच बारिश लोगों के लिए बड़ी आफत बनती जा रही है। गुरुवार को देर रात तक हुई बारिश में हाईवे से सटे सर्विस रोड के साथ निचले इलाके पानी में डूब गए। शहर का रामलीला मैदान तालाब में तब्दील हो गया है। नगर निगम कर्मचारी सुबह से पानी निकासी को दौड़ते रहे। दोपहर में एक घंटे की तेज बारिश ने कर्मचारियों की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।

जिले में डेंगू व वायरल का कहर चल रहा है, जिससे अब तक 150 लोगों की मौत हो चुकी है। नगर निगम प्रशासन द्वारा बीमारियों की रोकथाम के लिए निरंतर सफाई, एंटी लार्वा स्प्रे व फोगिग कराई जा रही है। इससे धीमे-धीमे हालात सुधरने लगे थे। गुरुवार से दोबारा बारिश शुरू होने से राहत कार्यो पर पानी फिर गया है। गुरुवार को देर रात तक बारिश होने के कारण शहर में काफी जलभराव हो गया है। रामलीला मैदान, गांधी पार्क, करबला, नई बस्ती, चंद्रवार गेट, पैमेश्वर गेट, नगला बरी, शीतल खां, जाटवपुरी, उर्दू नगर, दुर्गेश नगर, सैलई, एलान नगर सहित कई इलाके पानी में डूब गए। शुक्रवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 12.30 बजे फिर तेज बारिश शुरू हो गई। एक घंटे की बारिश में आगरा गेट, बसस्टैंड, नगर निगम मार्केट, ढोलपुरा, राजा का ताल सहित नई आबादी के प्लाट पानी में डूब गए। -जल निकासी को दौड़ते रहे अधिकारी, कर्मचारी: दो दिन की लगातार बारिश ने नगर निगम अधिकारियों की टेंशन बढ़ा दी। सुबह नगर आयुक्त प्रेरणा शर्मा ने जैन मंदिर से राजा का ताल तक हाईवे से सटे सर्विस रोड पर पानी निकासी की व्यवस्था देखी। जीएम जलकल आरबी राजपूत ने रामलीला मैदान, गांधी पार्क, एलान नगर, आनंद नगर सहित कई स्थानों से पानी की निकासी कराई। जलकल एक्सईएन व एई भी पानी निकासी व्यवस्था का निरीक्षण करते रहे। - शहर में डेंगू व वायरल की रोकथाम के लिए नई आबादी में प्लाट खाली कराने को टीमें लगातार काम कर रही है। दो दिन से लगातार बारिश होने के कारण राहत कार्य में व्यवधान हो रहा है। सुबह पानी निकासी के लिए फिर से टीमें लगाई जाएंगी। -प्रेरणा शर्मा, नगर आयुक्त

chat bot
आपका साथी