फीरोजाबाद में दूध, कचरी में मिलावट पर लाखों का जुर्माना

आगरा की अजंता राज प्रोटींस के दूध में कम निकला था फैट होली पर बिकने वाले रंगीन पापड़ में मानक से ज्यादा मिला था रंग।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 05:09 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 05:09 AM (IST)
फीरोजाबाद में दूध, कचरी में मिलावट पर लाखों का जुर्माना
फीरोजाबाद में दूध, कचरी में मिलावट पर लाखों का जुर्माना

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : दूध और रंगीन पापड़ (कचरी) में मिलावट करने वालों पर एडीएम कोर्ट ने लाखों रुपये का जुर्माना लगाया है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा 2019 में लिए गए सैंपल फेल होने के बाद ये कार्रवाई की गई। दूध का कारोबार करने वाली आगरा की एक कंपनी पर भी जुर्माना लगाया गया है।

10 जनवरी 2019 को नसीरपुर क्षेत्र में चार पहिया वाहन को रोककर उसमें ले जाए जा रहे दूध का सैंपल लिया गया था। वाहन के साथ मिले सतीश चंद्र निवासी चमरौला थाना बाह जिला आगरा ने खुद को चालक बताया। वाहन आगरा की अजंता राज प्रोटींस लिमिटेड मानिकपुरा थाना बसई अरेला का था। जांच हुई तो दूध में मिल्क फैट और सोलिड नौट फैट (एसएनएफ) की मात्रा मानक से कम पाई गई। एडीएम आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव की कोर्ट ने कंपनी पर 3.50 लाख और चालक पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

इसी तरह थाना दक्षिण की स्वराज फ्रंट करियर के मालिक मनोज अग्रवाल पर 4.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। 17 मार्च 2019 को खाद्य विभाग की टीम ने इनकी निर्माण इकाई पर छापेमारी की थी। यहां 160 किलो रंगीन कचरी रखी थी। इसमें रंग की मात्रा मानक से अधिक मिलने पर मुकदमा दायर किया गया था। 16 नवंबर 2018 को शिकोहाबाद की आवास विकास कालोनी में रामप्रकाश के दुग्ध विक्रय केंद्र से लिए गए दूध की गुणवत्ता भी खराब पाई गई थी। इस मामले में 2.50 लाख और जुलाई 2019 में नगला मवासी से लिए गए पानी के पाउच पर बैच नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर न लिखा होने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

chat bot
आपका साथी