पूर्णिमा पर गुरु का पूजन कर लिया आशीष

चरण वंदना कर अंग वस्त्र फल एवं उपहार किए भेंट मंदिरों में सुबह से ही शिष्यों का लगा रहा तांता।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 06:18 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 06:18 AM (IST)
पूर्णिमा पर गुरु का पूजन कर लिया आशीष
पूर्णिमा पर गुरु का पूजन कर लिया आशीष

जागरण टीम, फीरोजाबाद: शनिवार को सुहागनगरी में गुरु पूर्णिमा का पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। शिष्यों ने अपने आध्यात्मिक गुरुओं का तिलक एवं माल्यार्पण कर पूजन किया। इसके बाद उनकी चरण वंदना कर आशीष लिया। गुरुजनों, साधु, संतों, महंतों को वस्त्र, फल और उपहार भेंट किए।

नगर के हनुमानगढ़ स्थित टाट वाले बाबा आश्रम पर कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए गुरु पूर्णिमा पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह आठ बजे आरती होने के बाद शिष्यों ने भजन कीर्तन कर गुरु महिमा का गुणगान किया। आश्रम के महंत प्रेम प्रकाश ब्रह्माचारी का शिष्यों ने तिलक लगाकर कर पूजन किया। कोटला रोड स्थित रमणेश्वर मंदिर पर योग साधना आश्रम पर सुबह पांच बजे मंगला आरती हुई। इसके बाद शिष्यों का आना शुरू हो गया। आश्रम आचार्य देशमुख ब्रह्माचारी का रोली, चंदन लगाकर सम्मान किया।

राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर, काली देवी, गोपाल आश्रम मंदिर आदि मंदिरों पर भी शिष्यों ने गुरुजनों का आशीष लिया। कोटला रोड स्थित नसिया जी मंदिर पर शिष्यों ने आचार्य विवेक सागर महाराज से आशीष लिया। इस दौरान आचार्य ने कहा कि पूर्णिमा का पूरा नाम पूरी मां है। क्योंकि गुरु का वात्सल्य, कृपा, शिष्य के प्रति वैसा ही होता है, जैसे मां की पुत्र के प्रति होती है। वहीं चंद्रप्रभ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य सुरत्न सागर महाराज ने शिष्यों को आशीर्वाद दिया।

---

बालाजी मंदिर में हुआ सुंदर कांड

शिकोहाबाद में बालाजी मंदिर पर बालाजी महाराज का दुग्ध स्नान किया। इसके बाद हवन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में आए भक्तों ने हवन में आहुति दी। गुरुदेव गणेश पुरी महाराज का पूजन कर उपहार भेंट किए। इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष रघुवर दयाल गुप्ता, प्रबंधक राजेश गुप्ता, मुकेश गौड, सुबोध यादव, अंकित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। मक्खनपुर के गोविंदपुर स्थित सतनाम आश्रम पर शिष्यों ने स्वामी सेवादास महाराज सूरदास से आशीष लिया। खैरगढ़ में श्री दादाजी दरबार में कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए पूर्णिमा मनाई गई। महंत दास महाराज ने कोरोना से सभी को निजात दिलाने की प्रार्थना की।

----

मां कामाख्या धाम पर जुटा रेला

जसराना के मां कामाख्या धाम में गुरु पूजन का शुभारंभ आश्रम के पीठाधीश महेश स्वरूप ब्रह्मचारी ने किया। शिष्यों ने पूजन कर उनको उपहार दिए तो पीठाधीश ने भी उनको अपना आशीर्वाद प्रदान किया। इसके साथ ही प्रेमी बाबा आश्रम, मां विध्यवासिनी धाम के साथ अन्य स्थानों पर भी गुरु शिष्य परंपरा का अनूठा दृश्य देखने को मिला।

----

डीएम, एसएसपी ने किया गो-पूजन

फीरोजाबाद: पूर्णिमा के अवसर पर डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी अजय कुमार शुक्ल, सीडीओ चर्चित गौड़ ने गो सेवा प्रमुख रमाकांत उपाध्याय, गणेश चंद्र शर्मा, मनोज गर्ग के साथ संदलपुर स्थित गोशाला में गोवंश का पूजन किया। इस दौरान वक्ताओं के गो माता के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद खीर और पुआ का प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि इंजीनियर सुमित प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।

---

घरों में हुआ हवन पूजन

फीरोजाबाद: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सदस्यों ने अपने घरों पर हवन पूजन किया। सदस्यों ने गणेश पूजन, गायत्री मंत्र, हरे राम हरे कृष्ण, भगवान विष्णु, सरस्वती मां, हनुमान, मां दुर्गा, भगवान भोलेनाथ, भगवान कृष्ण, नवग्रह मंत्र आदि का उच्चारण करते हुए आहुतियां दीं। इस दौरान कुलदीप मित्तल, मुकेश बंसल, किशन बिहारी गर्ग आदि उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी