यमुना में डूबे किशोर और गंगा में युवक का शव मिला

रामनगर निवासी किशोर का शव फतेहाबाद के पास मिला बछगांव के युवक का शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 06:14 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 06:14 AM (IST)
यमुना में डूबे किशोर और गंगा में युवक का शव मिला
यमुना में डूबे किशोर और गंगा में युवक का शव मिला

जागरण टीम, फिरोजाबाद: 15 अक्टूबर को यमुना में नहाने के दौरान डूबे तीसरे किशोर का शव भी रविवार दोपहर दो बजे बरामद कर लिया गया। वहीं बदायूं के कछला घाट पर मूर्ति विसर्जन करने के दौरान गंगा में डूबे नारखी के बछगांव निवासी चार युवकों में से एक का शव सुबह बरामद हो गया। बदायूं पुलिस और पीएसी के गोताखोर बाकी तीन युवकों की तलाश कर रही है।

लाइनपार थाना क्षेत्र के मुहल्ला राम नगर चांदनी प्रेस वाली गली निवासी नीरज बघेल (17) पुत्र रोशन लाल और उसके दोस्त गोपाल राठौर (13) पुत्र योगेश राठौर, विशाल (12) पुत्र साधु सिंह के साथ नया बांस गांव के पास यमुना में नहाते समय डूब गए थे। इनमें से नीरज और गोपाल के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए थे। जबकि आगरा से बुलाए गए पीएसी के गोताखोर विशाल की तलाश कर रहे थे। इंस्पेक्टर लाइनपार विनोद कुमार के अनुसार, दोपहर दो बजे विशाल का शव फतेहाबाद के पास हिमायूंपुर गांव के निकट यमुना में मिला। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान नगर विधायक मनीष असीजा तीसरे दिन भी पुलिस प्रशासन के अफसरों के साथ यमुना किनारे उपस्थित रहे।

------

कुनाल का शव गांव पहुंचते ही मची चीखपुकार

मूर्ति विसर्जन करने के दौरान बदायूं के कछला घाट पर गंगा में डूबे बछगांव निवासी चार युवकों में से कुनाल पुत्र ब्रजेश शर्मा का शव गोताखोरों की मदद से रविवार को बरामद किया गया। बदायूं में पोस्टमार्टम कराने के बाद शाम छह बजे कुनाल का शव लेकर स्वजन घर पहुंचे तो चीखपुकार मच गई। आसपास के गांवों के लोग भी उसके घर पहुंचे थे। इसके कुछ देर बाद शव को दफना दिया गया। कुनाल चारों बहन भाई में सबसे बड़ा था। वह शिकोहाबाद में रह कर संस्कृत की पढ़ाई करता था।

chat bot
आपका साथी