मायके वालों का हंगामा, पुलिस की गाड़ी के आगे लेटे

पोस्टमार्टम गृह से ससुराल ले जा रहे थे शव पुलिस ने रोका था शुक्रवार को हुई थी मौत पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 06:59 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 06:59 AM (IST)
मायके वालों का हंगामा, पुलिस की गाड़ी के आगे लेटे
मायके वालों का हंगामा, पुलिस की गाड़ी के आगे लेटे

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: शुक्रवार देर शाम संदिग्ध परिस्थिति में दम तोड़ने वाली विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों ने शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम घर पर हंगामा किया। वे पोस्टमार्टम के बाद शव को उसकी ससुराल ले जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने रोक दिया, इससे गुस्साए लोगों ने पुलिस से तकरार की और दो युवक पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए। पुलिस ने समझाकर हंगामा शांत किया। हिमायूंपुर निवासी पंकज कुमार ने बताया कि उसकी बहन खुशबू (26) की शादी छह साल पहले सुदामा नगर निवासी मान सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालीजनों ने शुक्रवार देर शाम उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। शनिवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव को गाड़ी से महिला की ससुराल सुदामा नगर ले जाना चाहते थे। सूचना पर पहुंची उत्तर पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोक दिया। कुछ देर में सीओ सिटी हरीमोहन सिंह भी पहुंच गए। पुलिस का कहना था कि मायके पक्ष के लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाएं। सुदामानगर में शव ले जाकर हंगामा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इसके बाद मृतका के पति और बेटे को लाने की मांग करते हुए पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए। आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर पुलिस ने हंगामा शांत कराया। इसके बाद मायके पक्ष के लोग शव ले गए। इंस्पेक्टर भारतीय ने बताया कि मामले में पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---

chat bot
आपका साथी