हिस्ट्रीशीटर था सुहागनगर में मारा गया युवक

-दोस्त पर घर से बुलाकर ले जाने के बाद गोली मारने का आरोप दबिश -आरोपितों की गिरफ्तारी को सामाजिक संगठनों ने लगाया जाम नारेबाजी

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 06:40 AM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 06:40 AM (IST)
हिस्ट्रीशीटर था सुहागनगर में मारा गया युवक
हिस्ट्रीशीटर था सुहागनगर में मारा गया युवक

जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: सुहागनगर में शुक्रवार रात मारा गया हिमांयूपुर निवासी शशांक पाठक उर्फ जुगनू हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ दक्षिण थाने में आठ मुकदमे दर्ज हैं। दोस्त ने ही उसको मौत के घाट उतारा था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने शशांक के दोस्त के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामाजिक संगठनों ने जाम लगा नारेबाजी की।

शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे संजीव पिटू रोड पर बाइक से जाते समय शशांक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को मौके से तमंचा मिला था। शशांक के पिता जितेंद्र दत्त पाठक उर्फ जीतू की तहरीर पर सुहागनगर निवासी शशांक के दोस्त अंशू यादव पुत्र दुर्बीन सिंह यादव व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, शनिवार सुबह 10 बजे सवर्ण संगठन व अन्य संस्थाओं से जुड़े लोगों ने सुहागनगर चौराहे पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि प्रदेश में ब्राह्मणों की लगातार हत्याएं हो रही हैं। आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी के बीच सिटी मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज और सीओ सिटी हरीमोहन सिंह ने आक्रोशित लोगों को समझाया। दो दिन में आरोपितों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर जाम खोला गया। विधायक मनीष असीजा ने जितेंद्र दत्त पाठक के घर जाकर सांत्वना दी और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी होने का आश्वासन दिया। पिता का आरोप, बाइक पर पीछे बैठकर मारी गोली

शशांक के पिता का आरोप है कि उनके बेटे और अंशू की दोस्ती एक साल पहले हुई थी। अंशू फाइनेंस का काम करता है। रात आठ बजे अंशू पिता के साथ विवाद की कहकर उसे ले गया। शशांक बाइक चला रहा था, जबकि अंशू पीछे बैठा था। रास्ते में अंशू ने उसकी गर्दन में गोली मार दी और अपने साथी के साथ भाग गया। 2013 में खुली थी शशांक की हिस्ट्रीशीट

एसएसपी सचिद्र पटेल ने बताया कि शशांक के खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर और आ‌र्म्स एक्ट समेत आठ मुकदमे हैं। थाना दक्षिण में शशांक की ंवर्ष 2013 में हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी