एमएसपी के नाम पर बड़ा घोटाला : राकेश टिकैत

भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि एमएसपी के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 11:43 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 11:47 PM (IST)
एमएसपी के नाम पर बड़ा घोटाला : राकेश टिकैत
एमएसपी के नाम पर बड़ा घोटाला : राकेश टिकैत

बागपत, जेएनएन। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने केंद्र सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार को कंपनियां चला रही। संसद से बड़े व्यापारी गए हैं। कृषि कानून बाद में बनें, लेकिन व्यापारियों के गोदाम पहले बन गए। एमएसपी के नाम पर बड़ा घोटाला हो रहा है। एमएसपी पर साठ फीसदी फसल व्यापारियों की खरीदी जाती है।

शनिवार को राकेश टिकैत ने गाजीपुर बार्डर से बड़ौत जाते वक्त शाम पौने छह बजे राष्ट्र वंदना चौक पर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल और शहीद अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पत्रकारवार्ता करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में महापंचायत होगी, जिसमें कड़े फैसले होंगे। महापंचायत में कोई राजनीतिक दल भाग नहीं लेगा। न हम विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और न हम किसी को समर्थन देंगे, लेकिन गांवों में जनता की अदालत में जाकर अपनी बात रखेंगे।

किसान आंदोलन खत्म करने के लिए बीच का कोई रास्ता नहीं। जब तक एमएसपी पर कानून नहीं बनता और तीनों कृषि कानून रद्द नहीं होते, तब तक आंदोलन चलेगा। किसान कमजोर नहीं। एमएसपी का लाभ किसानों को नहीं मिलता। एमएसपी पर 60 फीसदी फसल व्यापारियों से खरीदी जाती है।

उन्होंने तंज कसा कि यदि सरकार किसी दल की होती तो वह किसानों से जरूर मिलती, लेकिन सरकार को कंपनियां चला रही हैं। कृषि कानून बाद में बनते हैं, लेकिन बड़े व्यापारियों के गोदाम पहले बन जाते हैं। देश को बचाने का रास्ता आंदोलन है। राजनीतिक पार्टियां देश को नहीं बचा सकती। आंदोलन से देश बचेगा। देश की आजादी की लड़ाई गरीबों ने लड़ी थी। भाकियू नेता इंद्रपाल सिंह, हिम्मत सिंह मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी