अघोषित कटौती कनपुरवा पावर हाउस के उपभोक्ता आजिज

संवाद सूत्र खखरेड़ू कनपुरवा पावर हाउस से जुड़े फीडरों में आधा घंटा भी निर्बाध आपूर्ति

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 08:21 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 08:21 PM (IST)
अघोषित कटौती कनपुरवा पावर हाउस के उपभोक्ता आजिज
अघोषित कटौती कनपुरवा पावर हाउस के उपभोक्ता आजिज

संवाद सूत्र, खखरेड़ू : कनपुरवा पावर हाउस से जुड़े फीडरों में आधा घंटा भी निर्बाध आपूर्ति नहीं हो रही है। उमस और गर्मी की वजह से घरों में बिजली उपभोग बढ़ा है। धान की नर्सरी तैयार करने व रोपाई के लिए किसानों को निजी सबमर्सिबल चलाने पड़ रहे हैं। जर्जर तार व दशकों पुराने उपकरण आपूर्ति के दौरान धड़ाम हो जा रहे हैं।

ऐराना फीडर के उपभोक्ताओं को रात साढ़े 11 बजे से लेकर बुधवार दोपहर एक बजे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। कोट, धाता तथा खखरेड़ू फीडर के उपभोक्ताओं को सुबह पांच बजे से अपराह्न एक बजे तक बिजली के दर्शन नहीं हुए। रामप्रकाश सिंह, अशोक सिंह, मनोज कुमार, पप्पू सिंह आदि उपभोक्ताओं का कहना था दशकों पुराने संसाधन जवाब दे रहे हैं। अधिकारी व्यवस्था सुधारने की बजाय, जोड़गांठ से काम चला रहे हैं। अचानक तार टूटने तथा मशीनों के ओवरलोड होने से आपूर्ति बाधित हो जाती है। जेई आदित्य त्रिपाठी का कहना था फाल्ट की सूचना पर कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। जहां तार टूटा था, उसे ठीक कराने के बाद आपूर्ति चालू करा दी गई। जर्जर तारें बदलने का काम बहुत जल्द शुरू होगा। इसी प्रकार खागा नौबस्ता रोड पर रावण मैदान में रखा 400 केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने से सैकड़ों घरों में अंधाकुप रहा। मंगलवार रात 12 बजे से मुहल्ले के लोगों को आपूर्ति नहीं मिली। विद्युत आधारित व्यापार बिजली गुल होने से ठप रहा। एसडीओ रिकू कुमार सेठ के प्रयास से शाम चार बजे नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया। एसडीओ का कहना था देर शाम तक प्रभावित मोहल्लों में आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी