20 घंटे बाद नदी से निकाला गया ट्रैक्टर, चालक लापता

संवाद सहयोगी खागा थाना क्षेत्र के अमनी गांव निवासी 45 वर्षीय सियाराम पासवान ट्रैक्टर लेकर बांद

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 08:38 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 08:38 PM (IST)
20 घंटे बाद नदी से निकाला गया ट्रैक्टर, चालक लापता
20 घंटे बाद नदी से निकाला गया ट्रैक्टर, चालक लापता

संवाद सहयोगी, खागा : थाना क्षेत्र के अमनी गांव निवासी 45 वर्षीय सियाराम पासवान ट्रैक्टर लेकर बांदा जनपद के कमासिन कस्बा जा रहे थे। किशुनपुर के दांदो घाट के पांटून पुल पार करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। चालक के साथ बैठे गांव के रहने वाले करन पासवान व सातो थाना असोथर निवासी मनोज कुमार तैरकर नदी से बाहर निकल आए थे। ट्रैक्टर के साथ चालक गहराई में डूब गया। करीब 20 घंटे के बाद ट्रैक्टर को नदी से निकाला गया।

सूचना पर एसडीएम प्रह्लाद सिंह तथा सीओ गयादत्त मिश्र मौके पर पहुंचे। देर रात तक दोनों अफसरों की देखरेख में स्थानीय थाने का पुलिस फोर्स व गोताखोर, लापता ट्रैक्टर चालक की तलाश में लगे रहे। मौसम खराब होने की वजह से रात दस बजे रेस्क्यू रोकना पड़ गया। गुरुवार सुबह से किशुनपुर, एकडला, गढ़ा तथा संगोलीपुर मड़ैयन यमुना घाट पर लापता ट्रैक्टर चालक की खोजबीन शुरू हुई। किशुनपुर घाट पर जाल मंगवाकर डाला गया। 20 घंटे बाद शाम साढ़े तीन बजे ट्रैक्टर मय ट्राली का पता गोताखोरों ने लगा लिया। क्रेन की मदद से ट्रैक्टर बाहर निकाला गया। नदी में डूबे ट्रैक्टर चालक का पता नहीं चल सका। नदी किनारे दिन भर पुलिस फोर्स के साथ ग्रामीणों की भीड़ एकत्र रही। पीडब्ल्यूडी विभाग को कोसते रहे ग्रामीण

पांटून पुल में बुधवार शाम हुए हादसे को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। नदी में डूबे चालक की पत्नी ननबिट्टी तथा पुत्र अजय, विजय तथा स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब से पुल में यात्री कर वसूली बंद हुई, विभागीय अधिकारी समस्या को लेकर बिल्कुल भी संजीदा नहीं हैं। बीते दो मई को ईंट लादकर बांदा जनपद की ओर जा रहा ट्रैक्टर ट्राली पुल से लटक गया था। पुल के दोनों ओर बना कच्चा रास्ता बेहद जोखिम भरा है। बुधवार रात हादसे के बाद भी कई ट्रैक्टर व चार पहिया वाहन कच्चे रास्ते में फिसलन की वजह से फंस गए थे। फैजाबाद के शिकारी बने मददगार

गुरुवार सुबह से ही स्थानीय गोताखोर नदी में जाल डालकर गहराई में डूबे चालक व ट्रैक्टर की तलाश कर रहे थे। कोई सफलता नहीं मिल रही थी। इसी दौरान गढ़ा गांव में मछली का शिकार करने के लिए रुके प्रशिक्षित गोताखोर फैजाबाद निवासी कल्लू व मन्ना के बारे में थानाध्यक्ष पंधारी सरोज को जानकारी मिली। एसओ के बुलाने पर दोनों लोग मौके पर पहुंचे। पानी के अंदर काफी देर तक सांस रोकने का अनुभव होने की वजह से उक्त दोनों ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर ट्रैक्टर ट्रॉली खोज ली जबकि चालक को नहीं खोज पाए।

chat bot
आपका साथी