बोल बम के जयकारों से गूंजे शिवालय, उमड़ी आस्था

जागरण संवाददाता फतेहपुर भक्तों में आस्था और भक्ति हिलोरे मार रही थी। श्रद्धालु शिवालयों में

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:40 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:40 PM (IST)
बोल बम के जयकारों से गूंजे शिवालय, उमड़ी आस्था
बोल बम के जयकारों से गूंजे शिवालय, उमड़ी आस्था

जागरण संवाददाता, फतेहपुर : भक्तों में आस्था और भक्ति हिलोरे मार रही थी। श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक करने को खासे आगे बढ़ते जा रहे थे। आस्था का आलम यह था कि रविवार की देर शाम से ही लोग घरों से जलाभिषेक को निकल पड़े। कई भक्त तो लेटकर परिक्रमा करते हुए शिवालयों तक पहुंचे।

शहर स्थित ताबेश्वर मंदिर सिद्धपीठ पर दर्शन-पूजन का सिलसिला रात 12 बजे से ही शुरू हो गया। शहर सहित ग्रामीणांचलों से बड़ी तादाद में भक्त यहां पहुंचे। मोटेश्वर महादेव मंदिर, मठेश्वर भदबा, जागेश्वर धाम, थवईश्वर धाम में भी आस्था और भक्ति का विहंगम संगम देखने को मिला। खागा क्षेत्र के कुंडेश्वर महादेव मंदिर मझिलगांव, आधेश्वर महादेव मंदिर सेलरहा, मोटे महादेव मंदिर किशुनपुर, फतेश्वर महादेव मंदिर शाहीपुर, मनकामनेश्वर महादेव मंदिर तेहीपारा हथगाम, शिवाला घाट पट्टीशाह तथा शिव मंदिर खखरेड़ू आदि जगहों पर श्रद्धालुओं ने आराध्य भगवान शंकर की विधि-विधान से पूजा की। बिदकी क्षेत्र में गूढ़ेश्वर धाम चांदपुर, डूडेश्वर बिदकी व अरगलेश्वर मंदिर में भी भक्तों की बड़ी तादाद दर्शन-पूजन को पहुंची। पालिका ने करवाई सफाई

सावन के पहले सोमवार को लेकर पालिका प्रशासन बेहद संजीदा दिखाई पड़ी। सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर, मोटेश्वर महादेव मंदिर के आसपास पालिका ने विशेष टीम भेजकर सफाई करवाई। वहीं मंदिर को जाने वाले रास्तों पर चूने का छिड़काव भी करवाया। चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा ने व्यवस्था का निरीक्षण कर सफाई रखने के निर्देश दिए। बच्चे खिलौनों के लिए मचले, महिलाओं ने की खरीदारी

तांबेश्वर मंदिर सिद्धपीठ पर मेले जैसा माहौल देखने को मिलता है। यहां पर पहले से ही घर-गृहस्थी के सामानों के अलावा खिलौनों और खान-पान के स्टाल पहले से ही सज गए थे। यहां पर दूरदराज से महिला, पुरुष भक्त पहुंचकर घर-गृहस्थी के सामानों की खरीदारी करते रहे। वहीं बच्चे खिलौनों के लिए मचलते रहे। खान-पान की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। मास्क और शारीरिक दूरी दरकिनार

कोविड प्रोटोकाल को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहा लेकिन तांबेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के अलावा दुकानों पर खरीदारी दौरान भी अनुपालन कम ही होता दिखाई दिया। ग्रामीणांचलों से आई महिलाओं ने मास्क भी नहीं लगा रखा था। साथ ही कई दुकानदारों ने मास्क लगाना जरूरी नहीं समझा। गंगा में लगाई डुबकी, कमाया पुण्य

सावन के पहले सोमवार पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए सैकड़ों भक्त विभिन्न गंगा घाटों पर पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ भृगुधाम भिटौरा में देखने को मिली। यहां पर ओम घाट, पुराने पक्के घाट, बलखंडी घाट में स्नानार्थियों की बड़ी तादाद देखने को मिली। इसी प्रकार आदमपुर, कोटिया, गुनीर, शिवराजपुर आदि गंगा घाटों में स्नानार्थी पहुंचे। नौबस्ता, शिवाला घाट पट्टीशाह, खाकी बाबा कुटी, इजूरा व मैनपुरी मंडवा गंगा घाट पर भोर पहर पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंचने लगी। सुरक्षा के लिहाज से सभी जगहों पर पुलिस फोर्स मुस्तैद रहा।

chat bot
आपका साथी