स्वजन सोते रहे शातिर उठा ले गए लाखों रुपये का माल
संवाद सूत्र मलवां लोग घर में सोते रहे और चोर घर के अंदर दाखिल होकर नकदी समेत दस लाख
संवाद सूत्र, मलवां : लोग घर में सोते रहे और चोर घर के अंदर दाखिल होकर नकदी समेत दस लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। सुबह पहर जानकारी हुई तो लोग सन्न रह गए। पीड़ित ने थाने में पहुंच कर चोरी की तहरीर दी है। इसमें पीड़ित ने चांदी से बने छह किग्रा तथा सोने से बने 130 ग्राम सोने के आभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये की चोरी किए जाने की बात कही है।
बुधइयापुर मजरे रेना गांव निवासी अखिलेश सिंह के मकान को बीती रात शातिरों ने निशाना बनाया। बीतीरात पीड़ित घर के दरवाजे पर तथा महिलाएं छत में और बच्चे मकान के अंदर सो रहे थे। घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुसे। इसके बाद कमरों में रखी अलमारी और बाक्स तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवरात उठा ले गए। पीड़ित के द्वारा दी गयी तहरीर में चांदी से निर्मित कड़ा, छैल चूड़ी, लच्छी, करगता, पायल, बिछुवा, दस चांदी के सिक्के तथा सोने से निर्मित बड़ा माला, अंगूठियां, टाप्स, हार, चार माले, चार चूड़ी, मंगलसूत्र हैं। इसके साथ ही डेढ़ लाख की नकदी चोर उठा ले गए। पीड़ित ने बताया कि भोर पहर चार बजे जब उसकी नींद खुली तो दरवाजा खुला पाया। अंदर जाकर देख तो सारा सामान अस्त व्यस्त था। थानाध्यक्ष अरविद सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी संज्ञान में आई है। मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।